उत्तराखंडराज्य

श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र को बड़ी सौगात: भूस्खलन समाधान हेतु 90 करोड़ का बजट मंजूर

देहरादून। श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर आवागमन सुचारू रखने के लिए फरासू एवं चमधार के भूस्खलन जोन का वैज्ञानिक ट्रीटमेंट किया जाएगा। इसके लिए सरकार द्वारा कुल 90 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी गई है। इसके साथ ही क्षेत्र में पीएमजीएसवाई के तहत निर्मित सड़कों को लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित किए जाने के निर्देश भी दे दिए गए हैं।

कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शनिवार को अपने शासकीय आवास पर श्रीनगर क्षेत्र की विभिन्न मोटरमार्ग परियोजनाओं, डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग और पीएमजीएसवाई अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

डॉ. रावत ने बताया कि फरासू एवं चमधार क्षेत्रों में बार-बार भूस्खलन के कारण यातायात बाधित हो रहा था। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए दोनों स्थलों पर भूस्खलन जोन का ट्रीटमेंट कराया जाएगा। स्वीकृत 90 करोड़ में से फरासू के लिए 53 करोड़ और चमधार के लिए 37 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि ट्रीटमेंट कार्य शीघ्र शुरू कर दिया जाएगा, जिससे आमजन एवं तीर्थयात्रियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन मिल सकेगा।

बैठक में डॉ. रावत ने पीएमजीएसवाई के तहत झाला–ग्वाड एवं हिंवालीधार–सिरतोली मोटरमार्गों को मिली स्वीकृति की जानकारी देते हुए अधिकारियों को माण्डाखाल–सरणा–चोपड्यूं मोटरमार्ग की स्वीकृति हेतु आवश्यक कार्यवाही करने को कहा। साथ ही श्रीनगर में पंचपीपल से स्वीत तक एलिवेटेड रोड की डीपीआर शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने पीएमजीएसवाई सड़कों की समीक्षा के दौरान मजरा महादेव–सौठ मोटरमार्ग को जल्द से जल्द लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित करने को कहा। इसके अतिरिक्त चंगीन, कुठखाल, कठ्यूड़, जल्लू गांव, गडोली, डुंगरी, जाख–अक्सोड़ा, चपलोड़ी एवं फल्द्वाड़ी मोटरमार्गों के डामरीकरण एवं शेष कार्यों को भी जल्द पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

बैठक में सचिव लोक निर्माण विभाग पंकज पाण्डेय, अपर सचिव दिनेश कुमार, प्रमुख अभियंता राजेश शर्मा, मुख्य अभियंता पीएमजीएसवाई एस.के. पाठक सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button