
राजधानी देहरादून में अपहरण और फिरौती से जुड़े सनसनीखेज मामले का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया। दून पुलिस ने महज कुछ घंटों के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
विकासनगर क्षेत्र से युवक का अपहरण
घटना कोतवाली विकासनगर क्षेत्र की है। 2 मार्च को भोजावाला, विकासनगर निवासी पुष्पा देवी ने थाना विकासनगर में शिकायत दर्ज कराई कि कुछ अज्ञात लोग वाहन संख्या यूके-07-एफएस-4482 और एक मोटरसाइकिल से उनके घर पहुंचे। आरोप है कि वे जबरन घर में घुसे, उनके पुत्र शक्ति पुंडीर के साथ मारपीट की और उसे कार में बैठाकर अगवा कर ले गए।
कुछ देर बाद एक अज्ञात नंबर से कॉल कर युवक की रिहाई के बदले एक लाख रुपये की फिरौती मांगी गई, जिससे परिवार में दहशत फैल गई।
पुलिस की तत्परता से दर्ज हुआ मुकदमा
तहरीर के आधार पर कोतवाली विकासनगर में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर तुरंत अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गईं और जांच शुरू कर दी गई।
सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र से मिली सफलता
पुलिस टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर घटना में प्रयुक्त वाहन और उसके स्वामी की जानकारी जुटाई गई।
लगातार सुरागरसी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसी रात विकासनगर क्षेत्र से अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया। साथ ही वारदात में शामिल पांचों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया।
ब्लैकमेलिंग का नया तरीका आया सामने
जांच में खुलासा हुआ कि गिरफ्तार आरोपी शातिर प्रवृत्ति के हैं। वे नशे के आदी युवकों को निशाना बनाते थे और खुद को किसी धार्मिक संगठन से जुड़ा बताकर उन्हें जेल भिजवाने की धमकी देते थे। इसके बाद झूठे आरोप लगाकर ब्लैकमेल करते हुए फिरौती की मांग की जाती थी।
2 मार्च को भी आरोपियों ने युवक पर मादक पदार्थों की तस्करी का झूठा आरोप लगाया और उसे जबरन कार में बैठाकर अगवा कर लिया। बाद में परिजनों से एक लाख रुपये की मांग की गई।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें विकास वैरोगी (35) निवासी सहारनपुर, नीरज (34) निवासी सहारनपुर, प्रवीन (44) निवासी विकासनगर, सचिन (31) निवासी जीवनगढ़ विकासनगर और नवीन (27) निवासी डाकपत्थर विकासनगर शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।



