
सितारगंज/नानकमत्ता: नानकसागर डैम क्षेत्र में एक युवक के साथ हुई लूटपाट, मारपीट और अप्राकृतिक कृत्य के मामले का नानकमत्ता पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस और शातिर आरोपी के बीच हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा, कारतूस, लूटा गया पर्स, नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत मिली सफलता
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) ऊधम सिंह नगर, अजय गणपति के निर्देशन में जिले में अपराधियों के खिलाफ ‘ऑपरेशन प्रहार’ चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 6 और 7 अगस्त की मध्यरात्रि को प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी।
पुलिस टीम एफआईआर संख्या 173/2026 में वांछित अभियुक्त गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी (निवासी बेरीघाट, खटीमा) की तलाश में थी। इसी दौरान मच्छी झाला के समीप डैम बंधे पर एक संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया। हालांकि, रुकने के बजाय आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने लगा।
घेराबंदी के दौरान पुलिस मुठभेड़, आरोपी के पैर में लगी गोली
पुलिस ने आरोपी का पीछा किया। लगभग दो किलोमीटर आगे गलाबाग के पास कच्चे रास्ते में खुद को घिरता देख आरोपी की मोटरसाइकिल फिसल गई। इसके बाद उसने पैदल झाड़ियों में छिपकर पुलिस पर जान से मारने की नीयत से दोबारा फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस टीम द्वारा कई बार आत्मसमर्पण की चेतावनी दी गई, लेकिन लगातार हो रही फायरिंग के जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में नियमानुसार जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल अवस्था में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और तत्काल प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
आरोपी ने कबूला जुर्म, अन्य दो साथी पहले ही गिरफ्तार
पूछताछ में आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों दीपक सिंह (निवासी झनकट) और मनोज भाटिया (निवासी बानूसी) के साथ मिलकर बीते 5 अगस्त को नानकसागर डैम क्षेत्र में एक युवक से मारपीट कर उसका पर्स व नकदी लूटी थी और उसके साथ अप्राकृतिक कृत्य किया था।
घटना के बाद से ही वह फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने पुलिस टीम पर गोली चलाई थी। पुलिस के अनुसार, इस मामले में शामिल अन्य दो अभियुक्तों (दीपक और मनोज) को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
आरोपी की गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मामले में बीएनएस (BNS) की धारा 109(1), 317(2), 3(5) और 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण:
-
नाम: गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी पुत्र मंजीत सिंह
-
निवासी: बेरीघाट, कोतवाली खटीमा, जनपद ऊधमसिंह नगर
-
उम्र: 30 वर्ष
बरामद सामग्री का विवरण:
-
अवैध असलहा: 01 अवैध तमंचा .315 बोर, 01 खोखा कारतूस, 01 जीवित कारतूस
-
लूटा गया सामान: 01 भूरे रंग का पर्स, ₹1,220 भारतीय मुद्रा, ₹30 नेपाली मुद्रा
-
दस्तावेज व अन्य: 01 एक्सिस बैंक एटीएम कार्ड, 01 मोबाइल बिल, 01 पासपोर्ट साइज फोटो
-
वाहन: 01 हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (बिना नंबर प्लेट)
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम:
इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक, उप निरीक्षक राजेन्द्र पंत, मनोज जोशी, हेड कांस्टेबल रघुनाथ गोस्वामी, अशोक कुमार, कांस्टेबल मोहम्मद इमरान, नवीन जोशी और चालक कांस्टेबल नरेन्द्र बोरा शामिल रहे।



