उत्तराखंडराज्य

देहरादून में 7 से 13 अगस्त तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन, भागवताचार्य पुंडरीक गोस्वामी करेंगे कथा वाचन

देहरादून। श्री श्री बालाजी सेवा समिति (रजि.) की ओर से 7 से 13 अगस्त तक जीएमएस रोड स्थित द विक्ट्री ग्रैंड होटल में श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जाएगा। कथा का वाचन श्रीधाम वृंदावन के प्रसिद्ध भागवताचार्य पूज्य पुंडरीक गोस्वामी के श्रीमुख से होगा।

इस आयोजन की जानकारी उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान योगाचार्य डॉ. बिपिन जोशी और समिति के अध्यक्ष अखिलेश अग्रवाल ने दी। उन्होंने बताया कि धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है और इसके लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

7 अगस्त को निकलेगी भव्य शोभायात्रा

समिति पदाधिकारियों ने बताया कि 7 अगस्त को सुबह 9 बजे साई गेस्ट हाउस, जीएमएस रोड से कथा स्थल तक श्रीमद्भागवत की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में पारंपरिक वेशभूषा में बड़ी संख्या में मातृशक्ति शामिल होंगी।

इसके बाद प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होगा। कथा के दौरान विशेष आरती और प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की जाएगी।

श्रद्धालुओं के लिए की गईं विशेष व्यवस्थाएं

समिति ने बताया कि कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बैठने की व्यवस्था, पेयजल, पार्किंग सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का प्रबंध किया गया है, ताकि सभी श्रद्धालु सहज रूप से कथा का श्रवण कर सकें।

जरूरतमंद कन्याओं के सामूहिक विवाह में समिति का योगदान

पत्रकार वार्ता में समिति ने सामाजिक सेवा कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि अब तक लगभग 700 जरूरतमंद कन्याओं के सामूहिक विवाह संपन्न कराए जा चुके हैं। आगामी दिसंबर माह में 108 कन्याओं के सामूहिक विवाह का आयोजन प्रस्तावित है। इच्छुक जरूरतमंद परिवार समिति से संपर्क कर इस योजना का लाभ ले सकते हैं।

सनातन परंपरा के संरक्षण के लिए बनेगा भव्य मंदिर

समिति की ओर से यह भी घोषणा की गई कि सनातन धर्म की ऋषि-मुनि परंपरा के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से जीएमएस रोड पर एक भव्य मंदिर का निर्माण शीघ्र शुरू किया जाएगा।

इस धार्मिक आयोजन के मुख्य यजमान सुनील शर्मा परिवार और अनिल गर्ग परिवार रहेंगे।

पत्रकार वार्ता में ये रहे मौजूद

इस अवसर पर संजय अग्रवाल, मनोज खंडेलवाल, चंदेश अरोड़ा, सचिन गुप्ता, मनमोहन लखेड़ा, ओम प्रकाश गुप्ता, मनोज गोयल, उमा शंकर रघुवंशी, पंकज चहन्ना, राजेश चौरसिया, अविनाश अग्रवाल, श्रवण वर्मा, दीपक सिंघल, रमेश गोयल, नरेश सिंघल, नरेश गुप्ता, ममता गर्ग, शिवा चौधरी सहित समिति के पदाधिकारी एवं कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button