
देहरादून। उत्तराखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर शुक्रवार को सचिवालय में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान एसआईआर की प्रगति की समीक्षा की गई और राजनीतिक दलों से ‘अनकलेक्टेड’ श्रेणी में शामिल मतदाताओं के घर-घर सत्यापन अभियान में सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया गया।
मतदाता सूची अपडेट की प्रगति का विवरण
डॉ. जोगदंडे ने बताया कि 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर प्रदेश में एसआईआर प्रक्रिया जारी है। 8 जून से 7 जुलाई तक गणना पत्रों के वितरण और डिजिटाइजेशन का कार्य किया जा रहा है। प्रदेश के कुल 79 लाख 60 हजार 762 मतदाताओं में से अब तक 70 लाख 98 हजार 501 मतदाताओं के फॉर्म डिजिटाइज किए जा चुके हैं।
उन्होंने आगे बताया कि 8 लाख 39 हजार 486 मतदाता ‘अनकलेक्टेड’ श्रेणी में हैं। इनमें 1 लाख 23 हजार 836 मृत, 4 लाख 77 हजार 148 स्थायी रूप से स्थानांतरित, 61 हजार 764 पहले से पंजीकृत, 1 लाख 68 हजार 259 अनुपस्थित तथा 8 हजार 479 अन्य कारणों से शामिल हैं। इस प्रकार अब तक कुल 79 लाख 45 हजार 658 मतदाताओं का डिजिटाइजेशन पूरा किया जा चुका है।
ड्राफ्ट रोल और अंतिम मतदाता सूची की समय-सारणी
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची (ड्राफ्ट रोल) का प्रकाशन 14 जुलाई 2026 को किया जाएगा। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी। इनका निस्तारण 14 जुलाई से 11 सितंबर तक किया जाएगा और अंतिम मतदाता सूची 15 सितंबर 2026 को प्रकाशित होगी।
बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त करने की अपील
उन्होंने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त करने की अपील की। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 11,733 मतदान केंद्रों के सापेक्ष विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा अब तक 23,102 बीएलए नियुक्त किए जा चुके हैं।
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि रहे उपस्थित
बैठक में उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इनमें भाजपा के राजकुमार पुरोहित, कांग्रेस के अमरेंद्र बिष्ट, आम आदमी पार्टी के श्याम बाबू पांडेय, बसपा के सत्यपाल और सीपीआई(एम) के अनंत आकाश शामिल रहे।



