
ऑस्ट्रेलिया रविवार को इंग्लैंड को महिला टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में हराकर चैंपियन बनी। ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम ने रिकॉर्ड सातवीं बार खिताब जीता है। ऑस्ट्रेलिया ने इससे पहले 2023 में ट्रॉफी जीती थी। लॉर्ड्स में खेले गए फाइनल में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 150 रन बनाए। टीम के लिए नैटली सिवर-ब्रंट ने नाबाद 58 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया को दूसरे ओवर में पहला झटका लगा। जॉर्जिया वॉल 6 गेंद में 9 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद बेथ मूनी और फोएबे लिचफील्ड ने शतकीय साझेदारी करके ऑस्ट्रेलिया की जीत सुनिश्चित की। ऑस्ट्रेलिया ने 17 गेंद शेष रहते मैच अपने नाम किया। टीम ने 17.1 ओवर में 3 विकेट पर 153 रन बनाए।
ऑस्ट्रेलिया ने जीता खिताबी मुकाबला
ऑस्ट्रेलिया ने रविवार को लॉर्ड्स में खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड को 7 विकेट से मात दी। 151 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत खराब रही। टीम ने दूसरे ओवर में ही सलामी बल्लेबाज जॉर्जिया का विकेट गंवाया। वह 6 गेंद में 9 रन ही बना सकीं। फोएबे लिचफील्ड और बेथ मूनी ने दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की, जिससे इंग्लैंड मैच में पीछे रह गया। दोनों के बीच 67 गेंद में 100 रन की पार्टनरशिप हुई। लिचफील्ड 35 गेंद में 48 रन बनाकर आउट हुईं। उन्होंने पारी में 6 चौके और दो छक्के लगाए। चार्ली डीन ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया।
उनके आउट होने से पहले मूनी ने 38 गेंद में सात चौके की मदद से अपना पचासा पूरा कर लिया था। यह इस टूर्नामेंट में उनका तीसरा अर्धशतक भी था। इस तरह वह महिला टी20 विश्व कप के तीन अलग चरण में तीन या इससे ज्यादा बार 50 रन से अधिक का स्कोर बना चुकी हैं। फिर ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 42 गेंद में 34 रन की दरकार थी। मूनी को 16वें ओवर में सोफी एक्लेस्टोन ने पगबाधा आउट किया जिसके बाद एलिस पैरी (नाबाद 13 रन) और एशले गार्डनर (नाबाद तीन रन) टीम को जीत तक ले गईं।
इंग्लैंड ने फाइनल में बनाए 150 रन
इससे पहले इंग्लैंड ने कप्तान नैट साइवर ब्रंट के अर्धशतक से महिला टी20 विश्व कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार विकेट पर 150 रन बनाए। नैट साइवर ब्रंट ने 53 गेंद का सामना करते हुए अपनी पारी में पांच चौके लगाए। उन्होंने फ्रेया केंप (नाबाद 44 रन) के साथ पांचवें विकेट के लिए 80 रन की साझेदारी निभाई। हालांकि 55 गेंद की इस साझेदारी के दौरान केंप ने आक्रामक बल्लेबाजी की। छह बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर इंग्लैंड को बल्लेबाजी का न्योता दिया और उसकी गेंदबाजों ने अच्छी शुरूआत कराई। ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे ही ओवर में एमी जोंस (06) का विकेट झटक लिया जिन्हें लुसी हैमिल्टन ने आउट किया।
एनाबेल सदरलैंड ने फिर शानदार लय में चल रही डैनी वाट हॉज (08) के रूप में ऑस्ट्रेलिया को बड़ी सफलता दिलाया। एलिस कैप्से (23 रन, 20 गेंद, दो चौके, एक छक्का) अच्छी लय में दिख रही थीं, उन्होंने पारी का पहला छक्का लगाया लेकिन ऑस्ट्रेलियाई कप्तान सोफी मोलिनू ने उन्हें बोल्ड कर इंग्लैंड को तीसरा झटका दिया। हीथर नाइट छह गेंद ही खेल सकी और किम गार्थ की गेंद पर पगबाधा आउट हुईं। इंग्लैंड की कप्तान नैट साइवर ब्रंट एक छोर पर डटी रहीं, फिर उन्हें फ्रेया केंप का साथ मिला जिन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 28 गेंद की नाबाद पारी में चार चौके और एक छक्का लगाकर टीम को इस स्कोर तक पहुंचाने में मदद की।


