खेलमनोरंजन

एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026: पाकिस्तान बाहर बांग्लादेश अंदर

एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 से पाकिस्तान का नाम कट गया है. उनकी जगह बांग्लादेश को टूर्नामेंट का हिस्सा बना लिया गया है. भारत की सरजमीं पर होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी के मुकाबले पंजाब के जालंधर और मोहाली खेले जाएंगे. हॉकी टूर्नामेंट 27 अक्टूबर से पांच नवंबर के बीच होगा.

6 टीमों वाले टूर्नामेंट में पहले पाकिस्तान को शामिल किया गया था, लेकिन पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन की तरफ से बीच में एशियाई हॉकी संघ से उनके मुकाबले किसी न्यूट्रल वेन्यू पर शिफ्ट करवाने की डिमांड की थी. हालांकि उस वक्त हॉकी इंडिया के महासचिव और एशियन हॉकी फेडेशन के उपाध्यक्ष भोला नाथ सिंह ने साफ कर दिया था कि वेन्यू को लेकर कोई बदलाव नहीं किया जाएगा.

हॉकी इंडिया की रिलीज से पाकिस्तान का नाम गायब 

हॉकी इंडिया ने एक रिलीज जारी की, जिसमें टूर्नामेंट में शामिल होने वाली 6 टीमों का जिक्र किया गया. इस टीमों में पाकिस्तान का नाम गायब रहा. 6 टीमों में भारत के साथ जापान, चीन, मलेशिया, दक्षिण कोरिया और बांग्लादेश को रखा गया.

रिजर्व में था बांग्लादेश का नाम

पिछले महीने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मोहाली में टूर्नामेंट के शेड्यूल का ऐलान करते हुए पाकिस्तान की भागीदारी का दावा किया था. इस कार्यक्रम में हॉकी इंडिया महासचिव भोलानाथ सिंह समेत वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद थे. किसी भी टीम के नाम वापस लेने के खतरे को देखते हुए बांग्लादेश और ओमान को रिजर्व टीमों के रूप में रखा गया था. इस तरह बांग्लादेश की टूर्नामेंट में एंट्री हुई.

बता दें भारत और पाकिस्तान के बीच 2008 मुंबई आतंकी हमले के बाद से द्विपक्षीय हॉकी नहीं खेली गई है. दोनों टीमें किसी न किसी टूर्नामेंट में आमने-सामने आई हैं. भारतीय हॉकी टीम ने आखिरी बार 2006 में पाकिस्तान में सीरीज खेली थी.

जालंधर और मोहाली में इस तरह होंगे मुकाबले

जालंधर में लीग स्टेज के सभी मैच खेले जाएंगे. यह मुकाबले ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में होंगे. बाकी टूर्नामेंट के अहम मैच मोहाली की सरजमीं पर बने ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में होंगे. सेमी-फाइनल और फाइनल मैच 4 और 5 अक्टूबर को मोहाली में होंगे.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button