
रुद्रपुर। उत्तराखण्ड सरकार के नियोजन विभाग द्वारा संचालित आकांक्षी जनपद/विकासखण्ड कार्यक्रम के अंतर्गत जुलाई 2024 से सितम्बर 2024 तक निर्धारित छह प्रमुख संकेतांकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जनपदों एवं विभागों को सम्मानित करने के उद्देश्य से राज्य स्तरीय ‘सम्पूर्णता अभियान सम्मान समारोह’ का आयोजन विगत शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन, देहरादून में किया गया।
स्वास्थ्य विभाग को विशेष सम्मान
समारोह में ऊधम सिंह नगर जनपद की ओर से स्वास्थ्य विभाग का प्रतिनिधित्व करते हुए डॉ. संजीव सरना को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों और उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रमुख सचिव, नियोजन विभाग श्री आर. मीनाक्षी सुंदरम द्वारा सम्मानित किया गया। यह सम्मान जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, लक्षित संकेतांकों की प्रभावी पूर्ति और योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य
इस समारोह का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में विकासात्मक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को प्रोत्साहित करना और विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे नवाचार और परिणामोन्मुखी कार्यों को सार्वजनिक रूप से मान्यता देना था। कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न जनपदों से आए विभागीय अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य विभाग ने जताई खुशी
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के. के. अग्रवाल ने इस उपलब्धि के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी और उनकी मेहनत एवं समर्पण की सराहना की।


