उत्तराखंडराज्य

हरिद्वार में अमित शाह की जनसभा, उत्तराखंड के विकास और सुरक्षा पर जताया जोर

हरिद्वार। केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह शनिवार को हरिद्वार पहुंचे और बैरागी कैंप में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, 4 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम में विशाल जनसभा को संबोधित किया। मंच से हाथ हिलाकर जनता का अभिवादन करते हुए उन्होंने 2000 पुलिस आरक्षियों को नियुक्ति प्रमाण पत्र प्रदान किए और सीएए के तहत पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आए हिंदू शरणार्थियों को नागरिकता प्रमाण पत्र भी दिए। इसके अलावा उन्होंने 1100 करोड़ से अधिक लागत की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

जनसभा में संबोधन: युवाओं को ‘मेरे जिगर के टुकड़े’ कहा

अमित शाह ने भारत माता की जय और जय श्री राम के उद्घोष के साथ अपना संबोधन शुरू किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की आवाज दिल्ली तक जानी चाहिए। युवाओं को ‘मेरे जिगर के टुकड़े’ कहकर बुलाया और देवभूमि को प्रणाम किया। उन्होंने बाबा केदार, गंगोत्री, यमुनोत्री और हेमकुंड साहिब को भी प्रणाम किया।

उत्तराखंड का गठन और भाजपा सरकार की उपलब्धियां

अमित शाह ने उत्तराखंड के गठन का जिक्र करते हुए कहा कि पहले कांग्रेस सरकार ने राज्य के अधिकारों पर दमन किया और रामपुर तिराहा कांड जैसी घटनाएं हुईं। तब अटल बिहारी वाजपेयी ने उत्तराखंड का गठन किया। आज यह राज्य विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की चार वर्षों में समस्याओं के निराकरण और नई न्याय संहिता लागू करने की सराहना की। नई न्याय संहिता के तहत अब तीन साल में मुकदमा दर्ज होने से सुप्रीम कोर्ट तक की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।

नागरिकता, सुरक्षा और भ्रष्टाचार विरोधी पहल

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सीएए के तहत पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आए हिंदू शरणार्थियों को नागरिकता दी गई है और उनके अधिकार सुरक्षित हैं। उन्होंने बताया कि धामी सरकार ने नकल विरोधी कानून लागू करके सरकारी भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी बनाई है। राज्य में अब बिना सिफारिश या खर्च के सरकारी नौकरियां मिल रही हैं।

विकास कार्य और भविष्य की योजनाएं

अमित शाह ने राज्य में 4770 करोड़ रुपये के बजट, 26,000 करोड़ रुपये के रेल प्रोजेक्ट, 100 फ्लाईओवर और पुल, आधुनिक हवाई अड्डा और ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल प्रोजेक्ट का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 2014 में उत्तराखंड की प्रति व्यक्ति आय 1.25 लाख रुपये थी, जो अब 2.5 लाख रुपये हो गई है। उन्होंने पीएम मोदी की वाइब्रेंट विलेज योजना और सीमांत गांवों के विकास की दिशा में उठाए गए कदमों की जानकारी दी।

चुनाव और भाजपा की स्थिति

अमित शाह ने कहा कि 2027 में फिर से भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने प्रदेश में संगठनात्मक गतिविधियों और विकास कार्यों की समीक्षा के लिए भाजपा प्रदेश कोर कमेटी की बैठक का भी जिक्र किया। जनसभा स्थल पर भारी भीड़ थी और लोगों ने जोरदार नारेबाजी की।

सुरक्षा और विरोध प्रदर्शन

रुड़की में कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी और उनके समर्थकों को काले झंडे दिखाने से पहले ही पुलिस ने उनके घर के अंदर नजरबंद कर दिया। पुलिस का कहना है कि इन्हें देर शाम तक नजरबंद रखा जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button