उत्तराखंडराज्य

आदि कैलाश अल्ट्रा रन: उत्तराखंड में साहस और पर्यटन की नई उड़ान

पिथौरागढ़। पवित्र आदि कैलाश की हिमालयी गोद में आज उत्तराखंड की पहली हाई एल्टीट्यूड अल्ट्रा रन मैराथन का भव्य आयोजन हुआ। राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष पर आयोजित यह आयोजन उत्तराखंड की साहसिक खेल क्षमता और सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन की नई उड़ान का प्रतीक बना।

60 किलोमीटर लंबी इस अल्ट्रा रन की शुरुआत आदि कैलाश से हुई, जिसमें देश के 22 राज्यों से 700 से अधिक धावकों ने भाग लिया। दुर्गम हिमालयी मार्ग, कठोर मौसम और ऊँचाई की चुनौतियों के बीच प्रतिभागियों ने अदम्य साहस और फिटनेस का शानदार प्रदर्शन किया।

आयोजन को सुरक्षित और सफल बनाने में आईटीबीपी तथा भारतीय सेना का विशेष सहयोग रहा। धावकों और दर्शकों ने राज्य सरकार व जिला प्रशासन की उत्कृष्ट व्यवस्थाओं की सराहना की। स्थानीय लोगों में पर्व जैसा उत्साह दिखा — हजारों लोग मार्ग के दोनों ओर खड़े होकर धावकों का हौसला बढ़ाते रहे।

प्रतिभागियों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदि कैलाश दर्शन के बाद इस क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को नया आयाम मिला है। प्रधानमंत्री के हिमालयी क्षेत्रों में शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के विजन को राज्य सरकार ने इस आयोजन के माध्यम से आगे बढ़ाया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आदि कैलाश अल्ट्रा रन के सफल आयोजन पर सभी प्रतिभागियों, आयोजकों और नागरिकों को बधाई दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button