उत्तर प्रदेशराज्य

आगरा में तेज रफ्तार कार ने कई लोगों को रौंदा, मौके पर 5 की मौत

उत्तर प्रदेश के आगरा में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया. न्यू आगरा के नगला बूढ़ी क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार ने घर के बाहर बैठे लोगों को कुचल दिया, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार इतनी तेज रफ्तार में थी कि चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे बैठे लोगों को रौंदता हुआ दीवार से जा टकराया. टक्कर इतनी भीषण थी कि कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हृदयविदारक घटना पर गहरा शोक जताया है. उन्होंने अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज और हर संभव सहायता देने के निर्देश दिए हैं.

मृतका बबली के भाई पिंटू ने बताया कि तेज रफ्तार से थार जैसी गाड़ी आई और सीधे सबको रौंद दिया. उसके बाद गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई. हादसे में हमारी बहन समेत कई लोग मौके पर ही मर गए.

घटना स्थल की भयावह तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें तेज रफ्तार कार के कहर का अंदाजा स्पष्ट तौर पर लगाया जा सकता है. मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर भीड़ को नियंत्रित किया गया. पुलिस ने सभी से शांति बनाए रखने की अपील की है ताकि शोकाकुल परिवारों को न्याय मिल सके. घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि हादसे की सही वजह का पता चल सके.

पांच में से चार मृतकों की पहचान हुई है. 23 साल के सतीश, 20 साल के महेश, 33 साल के हरीश और भानु प्रताप. एक और की मृतक की पहचान की कोशिश जारी है.

शेषमणि उपाध्याय, एसीपी कोतवाली, आगरा पुलिस कमिश्नरेट ने बताया कि दुर्घटना के शिकार पांच लोग एसएन मेडिकल कॉलेज में लाए गए थे. लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही सभी मृत पाए गए. आरोपी कार चालक को हिरासत में ले लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button