
हरिद्वार। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट (सेवानिवृत्त) जनरल गुरमीत सिंह ने मंगलवार को कोर विश्वविद्यालय, रुड़की के दूसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को डिग्री एवं पदक प्रदान किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल डिग्री प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि आत्मबोध से राष्ट्रबोध की ओर अग्रसर होने की प्रेरणादायक यात्रा की शुरुआत है।
रोजगार नहीं, आत्मनिर्भरता और उद्यमिता बने लक्ष्य
राज्यपाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल नौकरी पाना नहीं होना चाहिए, बल्कि आत्मनिर्भरता, नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने युवाओं को रोजगार तलाशने के बजाय रोजगार सृजन करने की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया। स्टार्टअप और नवाचार के क्षेत्र में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
तकनीक और परंपरा के संतुलन पर दिया जोर
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय तकनीक और नवाचार का युग है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्वांटम कंप्यूटिंग, स्पेस टेक्नोलॉजी, साइबर सुरक्षा, सेमीकंडक्टर और नैनो टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में भारत तेजी से प्रगति कर रहा है। ऐसे में युवाओं को आधुनिक तकनीकी दक्षता के साथ भारतीय संस्कृति, सभ्यता और आध्यात्मिक मूल्यों को भी आत्मसात करना चाहिए। चरित्र निर्माण को तकनीकी ज्ञान जितना ही महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने “राष्ट्र सर्वोपरि” के मंत्र को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
मेधावी विद्यार्थियों को सेठ रोशन लाल जैन ट्रॉफी
दीक्षांत समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। सेठ रोशन लाल जैन ट्रॉफी सुश्री आयुषी पंवार (बी.कॉम ऑनर्स, 2022-25) को विश्वविद्यालय स्तर पर सर्वाधिक 9.9 सीजीपीए प्राप्त करने के लिए, सुश्री डोना चौहान (डिप्लोमा इन सिविल इंजीनियरिंग, 2023-25) को 9.16 सीजीपीए और श्री हनी चौधरी (एमसीए, 2023-25) को 9.5 सीजीपीए प्राप्त करने पर प्रदान की गई।
गरिमामय उपस्थिति में संपन्न हुआ समारोह
जनपद आगमन पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने तुलसी का पौधा भेंटकर राज्यपाल का स्वागत किया। समारोह की अध्यक्षता यूनिवर्सिटी रजिस्ट्रार डॉ. अजय शर्मा ने की। इस अवसर पर ग्लोबल टेलीकॉम एंड एजुकेेशन एसोसिएशन के चेयरमैन प्रो. एन. के. गोयल, विश्वविद्यालय के प्रेसिडेंट जे.सी. जैन, अपर जिलाधिकारी प्रशासन पी.आर. चौहान, पुलिस अधीक्षक देहात शेखर सुयाल, उप जिलाधिकारी हरिद्वार जितेंद्र कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ, वाइस प्रेसिडेंट डॉ. श्रीयांस जैन, प्रो-वाइस चांसलर डॉ. चिन्नेयान रामासुब्रमण्यम सहित अनेक गणमान्य अतिथि, फैकल्टी सदस्य और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



