
सितारगंज कोतवाली क्षेत्र में एक ग्रामीण को पाकिस्तान के मोबाइल नंबर से जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
विदेश में रहकर संचालित हो रहा ट्रांसपोर्ट व्यवसाय
कौंधा अशरफ निवासी गुरदेव सिंह पुत्र केहर सिंह ने कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि वह और उसका भाई जसबीर सिंह वर्तमान में दुबई, यूएई में रहते हैं। जसबीर सिंह जम्मू ट्रांसपोर्ट के मालिक हैं और ट्रांसपोर्ट का संचालन दुबई से किया जाता है। वहीं, अवतार सिंह पुत्र गुरनेक सिंह अबू धाबी में मुहास्सा ट्रांसपोर्ट का संचालन करता है।
ट्रांसपोर्ट कारोबार को लेकर विवाद
गुरदेव सिंह के अनुसार जसबीर सिंह और अवतार सिंह के बीच ट्रकों के आदान-प्रदान को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। इस विवाद के चलते अवतार सिंह के खिलाफ जसबीर सिंह को धमकाने और जान से मारने की धमकी देने का मामला अबू धाबी में दर्ज है, जिस पर कानूनी कार्रवाई चल रही है।
पाकिस्तान से जुड़े होने का आरोप
पीड़ित का आरोप है कि अवतार सिंह के पाकिस्तान से संबंध हैं। 15 जनवरी को पाकिस्तान के एक मोबाइल नंबर से कॉल आई, जिसमें कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को अवतार सिंह का दोस्त बताया। उसने मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
भारत में नुकसान पहुंचाने की धमकी
गुरदेव सिंह ने बताया कि धमकी देने वाले व्यक्ति ने यह भी कहा कि उसके भारत में जेल में बंद लोगों से संबंध हैं और वह सिडकुल क्षेत्र में स्थित उसके पेट्रोल पंप को नुकसान पहुंचा सकता है, जिससे पीड़ित और उसका परिवार भयभीत है।
पुलिस ने शुरू की जांच
इस मामले में वरिष्ठ उप निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की विवेचना की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।



