
देहरादून। कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी के निर्देशों के बाद न्याय पंचायतों में तैनात कृषि सहायकों के मानदेय में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। अब उनके मानदेय को ₹8,300 से बढ़ाकर ₹12,391 कर दिया गया है। इस संबंध में शासनादेश भी आधिकारिक रूप से जारी कर दिया गया है।
कृषि सहायकों की लंबे समय से मांग थी
विदित हो कि कृषि सहायक लंबे समय से मानदेय बढ़ोतरी की मांग कर रहे थे। उनकी इस मांग को गंभीरता से लेते हुए कृषि मंत्री गणेश जोशी ने सचिव कृषि को आवश्यक निर्देश दिए, जिसके परिणामस्वरूप यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया।
मंत्री का संदेश: किसानों की सेवा में उत्साह बढ़ेगा
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि कृषि सहायक राज्य में किसानों तक सरकारी योजनाओं, नवीन तकनीकों और कृषि संबंधी जानकारियों को पहुँचाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उनका मनोबल बढ़ाना और उन्हें उचित पारिश्रमिक देना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
मंत्री ने विश्वास जताया कि मानदेय में की गई यह वृद्धि कृषि सहायकों को आर्थिक संबल प्रदान करेगी और वे पहले से अधिक उत्साह व समर्पण के साथ किसानों की सेवा कर सकेंगे।



