
पौड़ी। प्रदेश के सिंचाई, लोक निर्माण, पर्यटन, पंचायतीराज, ग्रामीण निर्माण, जलागम, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री तथा चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने विकासखंड पोखड़ा स्थित राजकीय इंटर कॉलेज किमगड़ी के वार्षिक उत्सव में भाग लेते हुए विधानसभा क्षेत्र चौबट्टाखाल को करीब 26 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात दी। इसी अवसर पर उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज किमगड़ी में शीघ्र विज्ञान विषय शुरू करने की भी घोषणा की।
लोक निर्माण विभाग की प्रमुख योजनाओं का शिलान्यास
क्षेत्र भ्रमण के दूसरे दिन, मंत्री सतपाल महाराज ने लोक निर्माण विभाग की कई महत्वपूर्ण योजनाओं का शिलान्यास किया। प्रमुख योजनाओं में शामिल हैं:
-
दमदेवल गडरी–झलपाड़ी मोटर मार्ग (12–15 किमी) का विस्तार, पुनर्निर्माण व सुधार: ₹339.77 लाख
-
भरतपुर–सुंदरई मोटर मार्ग का पुनर्निर्माण व सुधार: ₹177.98 लाख
-
दमदेवल गडरी–झलपाड़ी मोटर मार्ग का डामरीकरण: ₹172.31 लाख
-
चलकुडिया–मसमोली–सकनोली–नोखोली मोटर मार्ग: ₹345.88 लाख
-
कुण्जखाल–बरसुण्डा मोटर मार्ग नवीनीकरण (स्टेज-2): ₹237.21 लाख
-
संगलाकोटी–बोन्दरखाल मोटर मार्ग की क्षतिग्रस्त दीवारों का पुनर्निर्माण: ₹97.06 लाख
-
कोलाखाल–जजेडी मोटर मार्ग डामरीकरण: ₹222.89 लाख
पंचायतों और सिंचाई परियोजनाओं का लोकार्पण
मंत्री ने विकासखंड पोखड़ा और एकेश्वर की कई ग्राम पंचायतों में नवनिर्मित पंचायत भवनों का लोकार्पण किया। इसके अलावा, पोखड़ा के देवराडी ग्राम मल्ली में 136.94 लाख रुपये की स्प्रिंकलर प्रणाली आधारित लिफ्ट सिंचाई योजना और एकेश्वर के ग्राम पाखरी में 120 लाख रुपये की सोलर ऑनग्रिड आधारित लिफ्ट सिंचाई योजना का लोकार्पण किया।
ग्रामीण मोटर मार्गों का लोकार्पण
सतपाल महाराज ने दमदेवल–डाडाखिल से ग्राम कुई तक ग्रामीण मोटर मार्ग (स्टेज-1) ₹887.92 लाख और चौबट्टाखाल–कुई दांता मोटर मार्ग से उलखेत तोक तक अनुसूचित जाति मजगांव ग्रामीण मोटर मार्ग ₹212.35 लाख की लागत से लोकार्पित किए।
कुल विकास योजना का सार
इस प्रकार चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र को लोक निर्माण विभाग की 8, पंचायतीराज विभाग की 6, लघु डाल खंड श्रीनगर की 2 और ग्रामीण निर्माण विभाग की 2 योजनाओं सहित कुल 18 विकास योजनाओं की लगभग 26 करोड़ रुपये की सौगात मिली। मंत्री ने बताया कि पाबौ, एकेश्वर, बीरोंखाल और पोखड़ा विकासखंडों में पीएमजीएसवाई स्टेज-4 के तहत 10,480.49 लाख रुपये की लागत से कुल 11 मोटर मार्गों की स्वीकृति भी मिल चुकी है, जिन पर शीघ्र कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
शिक्षा एवं निरीक्षण
मंत्री ने राजकीय महाविद्यालय बेदीखाल में निर्माणाधीन बालिका छात्रावास और विद्यालय भवन की मरम्मत कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इसके साथ ही पोखड़ा और बीरोंखाल मंडलों में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बूथ अध्यक्षों के साथ बैठक कर सरकार की विकास योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख लोग
कार्यक्रम में युवा भाजपा नेता सुयश रावत, मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र दर्शन, बीकेटीसी के पूर्व सदस्य पुष्कर जोशी, पूर्व प्रमुख सोवन सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष राजपाल सिंह, प्रभु शरण बुडाकोटी, एडीएम अनिल गर्बयाल, एसडीएम रेखा आर्य सहित लोक निर्माण विभाग और पंचायत विभाग के अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



