
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को तिब्बती मार्केट, देहरादून स्थित ओल्ड मल्टीपरपज हॉल में आयोजित सांसद खेल महोत्सव-2025 के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और विजेता टीमों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
अटल बिहारी वाजपेयी को नमन, युवाओं के लिए उनके सपनों को बताया प्रेरणास्रोत
मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि अटल जी का जीवन राष्ट्र निर्माण, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा है। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने राजनीति को सत्ता का माध्यम नहीं बल्कि राष्ट्र सेवा का संकल्प माना और युवाओं, खिलाड़ियों व प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का स्वप्न देखा। आज खेलों के माध्यम से उभरता अनुशासित, सशक्त और आत्मविश्वासी युवा भारत उनके विचारों को सच्ची श्रद्धांजलि है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से सशक्त मंच बना सांसद खेल महोत्सव
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से सांसद खेल महोत्सव के समापन अवसर पर खिलाड़ियों का मार्गदर्शन कर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रधानमंत्री की प्रेरणा से प्रारंभ हुआ यह आयोजन अब केवल एक महोत्सव नहीं, बल्कि गांव-गांव से खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाने का सशक्त मंच बन चुका है। इसके माध्यम से स्थानीय, पारंपरिक और लोक खेलों को नया जीवन मिला है तथा हर वर्ग के बच्चों को खेल के अवसर प्राप्त हुए हैं। खेल युवाओं को नशे से दूर रखकर सकारात्मक दिशा देने का प्रभावी माध्यम हैं।
राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड का ऐतिहासिक प्रदर्शन
मुख्यमंत्री ने कहा कि 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर राज्य के खेल इतिहास में स्वर्णिम अध्याय जोड़ा है। आज उत्तराखंड को देवभूमि के साथ-साथ खेलभूमि के रूप में भी नई पहचान मिल रही है। प्रदेश में विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना का तेजी से विकास किया जा रहा है।
स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान के तहत 23 खेल अकादमियों की स्थापना
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि “स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान” के अंतर्गत राज्य के आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित की जाएंगी, जहां प्रतिवर्ष 920 विश्वस्तरीय एथलीट और 1000 अन्य खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
खेल विश्वविद्यालय, महिला स्पोर्ट्स कॉलेज और खिलाड़ियों के लिए नई योजनाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि हल्द्वानी में प्रदेश का पहला खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित करने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। नई खेल नीति के अंतर्गत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी दी जा रही है। मुख्यमंत्री खेल विकास निधि, मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी योजना और खेल किट योजना के माध्यम से उभरती प्रतिभाओं को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है। राष्ट्रीय खेल दिवस पर उत्कृष्ट खिलाड़ियों को 50-50 लाख रुपये की सम्मान राशि से भी सम्मानित किया गया है।
कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित
समारोह में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, लोकसभा सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, दायित्वधारी विनोद उनियाल, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, मुख्य विकास अधिकारी देहरादून अभिनव शाह सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।



