
रुद्रपुर। रुद्रपुर स्थित शिवालिक वेलोड्रोम में आयोजित 77वीं सीनियर, 54वीं जूनियर और 40वीं सब जूनियर नेशनल ट्रैक साइकिलिंग चैंपियनशिप में खेल मंत्री रेखा आर्या ने सोमवार को साइकिलिस्टों का उत्साहवर्धन किया। इस आयोजन में देश भर के लगभग 600 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
उत्तराखंड को साइकिलिंग की नर्सरी बनाने की उम्मीद
खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि साइकिलिंग वेलोड्रोम के बनने के बाद उम्मीद की जा सकती है कि उत्तराखंड जल्द ही साइकिलिंग की नर्सरी के रूप में उभरेगा। उन्होंने बताया कि 38वें राष्ट्रीय खेलों के दौरान प्रदेश में विकसित किए गए खेल ढांचे में साइकिलिंग वेलोड्रोम सबसे अहम सुविधा है।
साइकिलिंग खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर अवसर
रेखा आर्या ने कहा कि आमतौर पर नेशनल गेम्स में ज्यादातर राज्यों को साइकिलिंग का आयोजन दूसरे प्रदेशों में करना पड़ता है क्योंकि यह सुविधा देश के कुछ चुनिंदा राज्यों में ही उपलब्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश के खिलाड़ी नियमित रूप से शिवालिक वेलोड्रोम में अभ्यास करें, ताकि वे 2030 के कॉमनवेल्थ गेम्स और 2036 के ओलंपिक में पदक के दावेदार बन सकें।
प्रमुख उपस्थितजन
इस अवसर पर साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष ओंकार सिंह, सचिव मनिंदर पाल सिंह, उत्तरांचल ओलंपिक संघ के महासचिव डीके सिंह, उत्तराखंड साइकलिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष विमल चौधरी, सचिव देवेश पांडे, जिला अध्यक्ष डॉ. नागेंद्र शर्मा और अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।



