
देहरादून। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत जौनसार-बावर क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे पर हैं। भ्रमण के पहले दिन उन्होंने हनोल स्थित महासू देवता मंदिर में दर्शन-पूजन कर क्षेत्र की जनता की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की।
स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण
मंत्री ने एएनएम सेंटर, हनोल का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता, स्वच्छता व्यवस्था और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को मरीजों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान करने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, त्यूनी का दौरा किया। यहां मंत्री ने उपचाराधीन मरीजों और उनके तीमारदारों से संवाद कर अस्पताल की व्यवस्थाओं, चिकित्सकीय व्यवहार और सुविधाओं के बारे में फीडबैक प्राप्त किया। डॉ. रावत ने कहा कि दूरस्थ और सीमावर्ती क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ एवं जनोपयोगी बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
शिक्षा संस्थानों का अवलोकन
भ्रमण के क्रम में मंत्री ने मैंद्रथ में बाशिक महासू देवता के दर्शन किए। तत्पश्चात उन्होंने स्वर्गीय पंडित झांऊतराम शर्मा राजकीय इंटर कॉलेज, अटाल का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली और छात्र-छात्राओं से संवाद कर उन्हें परिश्रम, संस्कार और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश दिया।
मंत्री ने विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना की और शिक्षा के स्तर को और बेहतर बनाने हेतु अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।



