उत्तराखंडराज्य

डी.ए.वी. कॉलेज में 100 फीट ऊँचा राष्ट्रीय ध्वज लगाने का भूमि पूजन

देहरादून। डी.ए.वी. (पी.जी.) कॉलेज, देहरादून परिसर में 100 फीट ऊँचे राष्ट्रीय ध्वज की स्थापना के लिए शनिवार को विधिवत भूमि पूजन किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने पूजा-अर्चना कर कार्य का शुभारम्भ किया। यह ध्वज लगभग ₹30 लाख की लागत से स्थापित किया जाएगा।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और देश के प्रति सम्मान की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कॉलेज परिसर में इस भव्य ध्वज की स्थापना की जा रही है। आजादी का अमृत महोत्सव के संदर्भ में उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के वीरों और शहीदों के बलिदान को स्मरण करते हुए कहा कि यह पहल नई पीढ़ी को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करेगी।

मंत्री जोशी ने बताया कि वर्ष 2023 में डी.ए.वी. कॉलेज परिसर में 100 फीट ऊँचा राष्ट्रीय ध्वज स्थापित करने की घोषणा की गई थी, जिसे अब धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने कॉलेज प्रबंधन को इस पहल के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह ध्वज आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री गणेश जोशी ने कॉलेज परिसर स्थित शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर राजपुर विधायक खजान दास, कॉलेज प्राचार्य डॉ. कौशल कुमार, प्रबंधन सचिव मानवेंद्र स्वरूप, डॉ. विनीत विश्नोई, छात्र संघ अध्यक्ष ऋषभ मल्होत्रा, महासचिव करन नेगी, पार्षद योगेश, डॉ. बबीता सहोत्रा सहित कॉलेज प्रशासन, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button