उत्तराखंडराज्य

पंतनगर हवाई अड्डे के व्यापक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण बैठक, सांसद अजय भट्ट ने दिए तेज़ी से कार्य पूर्ण करने के निर्देश

रुद्रपुर। भारतीय विमानपत्तन हवाई अड्डा सलाहकार समिति की बैठक जिला सभागार में सांसद एवं समिति अध्यक्ष अजय भट्ट की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में पंतनगर हवाई अड्डे के अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई तथा सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।

अंतरराष्ट्रीय स्तर का एयरपोर्ट निर्माण कार्य तेज़ी पर
सांसद अजय भट्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि पंतनगर हवाई अड्डे को आधुनिक अंतरराष्ट्रीय सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। करीब 380 करोड़ रुपये की लागत से विस्तारीकरण कार्य जारी है। उन्होंने सभी कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य निर्धारित समय में व त्वरित गति से पूरे किए जाएँ।

उड़ान योजना के तहत बढ़ेगी सुविधाएँ व सुरक्षा
श्री भट्ट ने कहा कि पंतनगर एयरपोर्ट क्षेत्रीय संपर्क योजना ‘उड़ान’ के तहत भारत सरकार, उत्तराखंड सरकार और विमानपत्तन प्राधिकरण द्वारा संचालित है। ऐसे में यात्रियों को अधिकतम सुविधाएँ उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। साथ ही एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

पर्यटन और अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
सांसद ने कहा कि एयरपोर्ट विस्तारीकरण से प्रदेश में पर्यटन को नई गति मिलेगी। पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से न केवल क्षेत्र बल्कि पूरे राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्राप्त होगी।

भूमि आवंटन, ध्वस्तीकरण और पेड़ कटान कार्य प्रगति पर
मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने बताया कि एयरपोर्ट विस्तार के लिए 524.70 एकड़ भूमि एयरपोर्ट प्राधिकरण को आवंटित कर दी गई है। टीडीसी, पंतनगर विश्वविद्यालय और सैनिक फार्म की आवंटित भूमि पर भवन ध्वस्तीकरण और पेड़ कटान का कार्य जारी है।

उन्होंने आगे बताया कि एयरपोर्ट प्राधिकरण, जिला प्रशासन व वन विभाग द्वारा संयुक्त प्रयासों से एयरपोर्ट परिसर में जानवरों को भगाने, झाड़ियों की सफाई तथा प्रतिबंधित प्रजाति के पेड़ों का चिन्हिकरण कर कटान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

बाउंड्री, रनवे और टर्मिनल निर्माण में तेजी
पंतनगर एयरपोर्ट निदेशक पवन कुमार ने बताया कि विस्तारीकरण कार्यों में बाउंड्री निर्माण शुरू कर दिया गया है। अंतरराष्ट्रीय मानकों के तहत 3000 मीटर लंबा रनवे, नया टर्मिनल, हैंगर, ILS सुविधा और कार्गो टर्मिनल का निर्माण किया जा रहा है।

मौजूदा एयरपोर्ट में भी बढ़ रही सुविधाएँ
उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा हेतु एटीएम, कार पार्किंग, टैक्सी-रिटेल काउंटर, वाई-फाई, हेल्पडेस्क, प्राथमिक चिकित्सा और एम्बुलेंस सेवाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं।

सुरक्षा कार्मिकों की कमी पर चिंता
निदेशक ने बताया कि सुरक्षा के लिए स्वीकृत 75 पदों में से केवल 20 पर ही तैनाती है, इसलिए रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती और QRT टीम की नियुक्ति आवश्यक है। इस पर सांसद भट्ट ने डीजीपी को पत्र लिखकर त्वरित तैनाती कराने का आश्वासन दिया।

राष्ट्रीय राजमार्ग के शिफ्टिंग व जलभराव समाधान पर निर्णय
पीडी एनएचएआई ने बताया कि एयरपोर्ट विस्तार की परिधि में आने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग को शिफ्ट करने का सर्वे पूरा हो चुका है और टेंडर जारी कर दिए गए हैं। वहीं उप जिलाधिकारी ने वर्षा ऋतु में होने वाले जलभराव से राहत हेतु नदी-नालों का निरीक्षण, चिन्हिकरण और ड्रेनेज कार्य जल्द शुरू करने की जानकारी दी।

बैठक में उपस्थित अधिकारी एवं सदस्य
बैठक में पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, डीजीएम एयरपोर्ट अनूप गुप्ता, पीएस बृजवाल, सदस्य हेमन्त कुमार नरूला, शुभम टंडन, लोकेश जोशी, नरेश चन्द्र, विमल लोसाली, सांसद प्रतिनिधि कपिल शर्मा, योगेश वर्मा, पीडी एनएचएआई मेहुल जिंदल, प्रबंधक मीनू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button