उत्तराखंडराज्य

लालकिला धमाका: उमर नबी की कॉल डिटेल से उत्तराखंड कनेक्शन उजागर

देहरादून। दिल्ली के लालकिला धमाके मामले में जांच एजेंसियों को उत्तराखंड से भी अहम सुराग मिला है। मुख्य आरोपी डॉ. उमर नबी की कॉल डिटेल में देहरादून के एक डॉक्टर और पिथौरागढ़ की एक महिला का नंबर सामने आने के बाद उत्तराखंड इंटेलिजेंस और एसटीएफ तुरंत एक्टिव हो गई।

जांच टीम जब डॉक्टर के देहरादून स्थित घर पहुंची, तो पता चला कि वह काफी समय पहले स्थायी रूप से फरीदाबाद शिफ्ट हो चुके हैं। फरीदाबाद में संपर्क करने पर पुष्टि हुई कि पिछले दो वर्षों से उनका डॉ. उमर से कोई संपर्क नहीं हुआ है।

जांच में सामने आया कि पिथौरागढ़ की यह महिला पहले एक प्लेसमेंट एजेंसी में कार्यरत थी। किसी कंपनी को डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ की भर्ती करनी थी, जिसके लिए उसने डॉ. उमर को पहले ईमेल और बाद में फोन किया था। हालांकि, उमर नबी ने न तो मेल का जवाब दिया, न ही आगे कोई बातचीत की। महिला वर्तमान में नोएडा की एक कंपनी में नौकरी कर रही है।

अपर पुलिस महानिदेशक डॉ. वी. मुरुगेशन ने बताया कि धमाके के बाद उत्तराखंड पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है। लगातार चेकिंग और निगरानी अभियान चल रहा है। उन्होंने कहा कि अब तक किसी तरह का सीधा लिंक सामने नहीं आया है, लेकिन जैसे ही कोई ठोस इनपुट मिलेगा, तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

लालकिला धमाका मामले में उत्तराखंड का यह कनेक्शन सामने आने के बाद प्रदेश की सुरक्षा एजेंसियां और सतर्क हो गई हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button