
सितारगंज: आबकारी विभाग की टीम ने क्षेत्र में अवैध शराब माफियाओं के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। खटीमा के आबकारी निरीक्षक बृजेश जोशी के नेतृत्व में दी गई दबिश के दौरान टीम ने 128 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की और संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया।

शराब की दो भट्टियां ध्वस्त, 2400 किग्रा लहन मौके पर नष्ट
आबकारी टीम ने सितारगंज क्षेत्र के डोडा फार्म और तिलियापुर में छापेमारी की। इस दौरान एक नाले के पास अवैध रूप से चलाई जा रही 2 शराब भट्टियों को रंगे हाथों पकड़ा गया। टीम ने मौके पर मौजूद लगभग 2400 किलोग्राम लहन और भट्टियों को पूरी तरह नष्ट कर दिया। इसके साथ ही आसपास के इलाकों की गहन तलाशी लेकर 110 लीटर कच्ची शराब भी जब्त की।
महिला अभियुक्त गिरफ्तार, केस दर्ज
कार्रवाई के अगले चरण में टीम ने ग्राम उकरौली में दबिश दी। यहाँ उकरौली (सितारगंज) निवासी अभियुक्ता जंगीरो कौर (पत्नी रूप सिंह) के पास से एक ड्रम में रखी 13 लीटर और 20 पाउच (प्रत्येक 250 मिली) में भरी 5 लीटर—कुल 18 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई। टीम ने अभियुक्तों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
आबकारी निरीक्षक का बयान: “अवैध शराब और माफियाओं के खिलाफ विभाग का यह चेकिंग व धरपकड़ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।”



