उत्तराखंडराज्य

देहरादून में एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी-2026 का शुभारंभ

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, देहरादून में आयोजित एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी-2026 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने देश-विदेश से प्रतियोगिता में शामिल होने पहुंचे खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों का उत्तराखंड में स्वागत किया और सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के लिए यह गर्व की बात है कि प्रदेश को इतनी प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है। इस तरह के आयोजनों से उत्तराखंड की पहचान शीतकालीन और आइस स्पोर्ट्स के प्रमुख केंद्र के रूप में और मजबूत होगी।

उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं हैं, बल्कि विभिन्न देशों और संस्कृतियों को जोड़ने का भी काम करते हैं। खेलों के माध्यम से मित्रता, सद्भाव और आपसी सहयोग की भावना को बढ़ावा मिलता है।

खेल भावना, अनुशासन और समर्पण को दें प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे जीत और हार से आगे बढ़कर खेल भावना, अनुशासन, समर्पण और दृढ़ इच्छाशक्ति को महत्व दें। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में योगदान देने वाले आयोजकों, प्रशिक्षकों, तकनीकी अधिकारियों और अन्य सहयोगियों को भी बधाई दी।

उत्तराखंड में मजबूत हो रही खेल अवस्थापना

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार हुआ है। ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ जैसे अभियानों ने देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार प्रदेश को खेलों के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। पिछले वर्ष आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों से प्रदेश में आधुनिक और विश्वस्तरीय खेल अवस्थापना का मजबूत आधार तैयार हुआ है। इसके परिणामस्वरूप उत्तराखंड अब अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी के लिए भी तेजी से सक्षम हो रहा है।

आठ शहरों में स्थापित होंगी 23 खेल अकादमियां

मुख्यमंत्री ने बताया कि स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान के तहत प्रदेश के आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित की जाएंगी। हल्द्वानी में प्रदेश के पहले खेल विश्वविद्यालय की स्थापना की दिशा में कार्य जारी है, जबकि लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज शुरू हो चुका है।

उन्होंने कहा कि नई खेल नीति के तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में अवसर दिए जा रहे हैं। इसके अलावा प्रतिभावान खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति, आवासीय स्पोर्ट्स कॉलेजों में निःशुल्क शिक्षा और प्रशिक्षण सहित कई सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए कई योजनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री खेल विकास निधि, मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी योजना और खेल किट योजना के माध्यम से प्रदेश के खिलाड़ियों को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार पारंपरिक खेलों के साथ-साथ वॉटर स्पोर्ट्स, एडवेंचर स्पोर्ट्स, विंटर स्पोर्ट्स और आइस स्पोर्ट्स को भी बढ़ावा दे रही है। सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को देश और दुनिया के खिलाड़ियों के लिए एक पसंदीदा खेल प्रशिक्षण केंद्र के रूप में विकसित करना है।

17 से 20 अगस्त तक होगी प्रतियोगिता

एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी-2026 का आयोजन 17 से 20 अगस्त तक देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में किया जा रहा है।

कार्यक्रम में विधायक उमेश शर्मा काऊ, एशियन स्केटिंग यूनियन के अध्यक्ष म्योंग ही चांग, आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अमिताभ शर्मा, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, निदेशक खेल दीप्ति सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button