
देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सूचना एवं लोकसंपर्क विभाग के महानिदेशक बंशी धर तिवारी ने शनिवार को विभागीय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान उन्होंने विभाग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को किया याद
महानिदेशक बंशी धर तिवारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उनके बलिदान के कारण ही आज देशवासी स्वतंत्र वातावरण में जीवन जी रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए। उन्होंने सभी से विभागीय कार्यों में ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के साथ योगदान देने का आह्वान किया।
विभागीय अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में अपर निदेशक आशीष त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, उपनिदेशक मनोज श्रीवास्तव, रवि बिजारनीया, अर्चना सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



