उत्तराखंडराज्य

उधमसिंह नगर में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों का हुआ सम्मान

रुद्रपुर। जनपद उधमसिंह नगर में 80वां स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय पर्व के रूप में धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने ध्वजारोहण किया, जबकि विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान, जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। इसके बाद जिलाधिकारी और अन्य अधिकारियों ने शहीद-ए-आजम ऊधम सिंह की प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और उनके परिजनों को किया सम्मानित

कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और उनके परिजनों को पुष्पमाला एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान अमरजीत सिंह, इन्द्रासन यादव, आनंद मणि रतूड़ी, प्रकाश, हरवंश सिंह, परमेश्वर, कमलेश त्रिपाठी, वर्मानंद, सुमन, श्रवण कुमार सहित वीर माता लक्ष्मी देवी और वीर नारी मंजू रावत को सम्मानित किया गया।

स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को साकार करना हम सभी की जिम्मेदारी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और देश के लिए बलिदान देने वाले वीरों को नमन करते हुए कहा कि आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले सेनानियों के सपनों को साकार करना हम सभी का दायित्व है।

उन्होंने कहा कि देश और समाज के विकास में प्रत्येक नागरिक को अपनी सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। समाज के गरीब और वंचित वर्ग का विकास सुनिश्चित करना भी हम सभी की जिम्मेदारी है। अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करते हुए देश के विकास में योगदान देना ही स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

युवाओं से लक्ष्य निर्धारित कर समाज निर्माण में योगदान देने का आह्वान

जिलाधिकारी ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित करें और उसे हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करें। युवाओं को समाज में प्रेरणास्रोत और रोल मॉडल बनकर समाज निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और राज्य आंदोलनकारियों के योगदान को युवा पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए एक पुस्तिका का प्रकाशन भी किया जाएगा। इससे नई पीढ़ी को उनके संघर्ष, त्याग और योगदान के बारे में जानकारी मिल सकेगी।

पर्यावरण और खाद्य संरक्षण के लिए आगे आने की अपील

जिलाधिकारी ने पर्यावरण संरक्षण और खाद्य संरक्षण को भी सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि इन क्षेत्रों में सभी को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रेरणा से जनपद ऊधमसिंह नगर विकास के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है और देश में अग्रणी स्थान हासिल करते हुए नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी सुभाष, ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव और त्रिलोकी ने भी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि उनके बलिदान और संघर्ष के कारण ही आज देशवासी स्वतंत्र वातावरण में जीवन जी रहे हैं।

क्रॉस कंट्री दौड़ में खिलाड़ियों ने दिखाया उत्साह

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर खेल विभाग की ओर से प्रातः क्रॉस कंट्री ओपन रेस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया।

बालक वर्ग में पुष्कर चंद्र ने प्रथम, केवल चांम्याल ने द्वितीय और अमित कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं ओपन बालिका वर्ग में खुशी गोस्वामी प्रथम, गुंजन द्वितीय और गुरप्रीत कौर तृतीय स्थान पर रहीं।

इसके अलावा प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले कई नन्हे बच्चों को भी जिलाधिकारी ने ट्रॉफी और ट्रैकसूट देकर सम्मानित किया।

देशभक्ति गीतों से बांधा समां

कार्यक्रम के दौरान जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी और हेम पांडे ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। उनकी प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में देशभक्ति और उत्साह का माहौल बना दिया।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, एसडीएम मनीष बिष्ट, ओसी हिमांशु कफल्टिया, जिला क्रीड़ा अधिकारी जानकी कार्की, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी हेमंत मौर्य, संयुक्त निदेशक विधि डीएस जंगपांगी सहित अनेक स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजन, अधिकारी और कलेक्ट्रेट कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button