
देहरादून। लोक निर्माण, सिंचाई एवं ग्रामीण निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर लोक निर्माण और सिंचाई विभाग के बड़े निर्माण कार्यों के ठेकों को छोटे-छोटे पैकेजों में विभाजित करने का अनुरोध किया।
सतपाल महाराज ने कहा कि बड़े ठेकों को छोटे पैकेजों में बांटने से प्रदेश के स्थानीय ठेकेदारों को अधिक काम के अवसर मिल सकेंगे। इसके साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
स्थानीय भागीदारी से विकास कार्यों में आएगी तेजी
महाराज ने कहा कि विकास कार्यों में स्थानीय ठेकेदारों और युवाओं की भागीदारी बढ़ने से परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी। छोटे पैकेजों के माध्यम से क्षेत्रीय स्तर पर अधिक लोगों को काम से जोड़ना संभव होगा। इससे स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि बड़े निर्माण कार्यों को छोटे पैकेजों में विभाजित करने से छोटे और मध्यम स्तर के ठेकेदारों को भी प्रतिस्पर्धा में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इससे प्रदेश के अधिक लोगों को निर्माण कार्यों से जोड़ने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री से प्रभावी व्यवस्था लागू करने का आग्रह
सतपाल महाराज ने मुख्यमंत्री से प्रदेशहित और स्थानीय युवाओं के व्यापक हितों को ध्यान में रखते हुए बड़े निर्माण कार्यों को छोटे पैकेजों में विभाजित करने की प्रभावी व्यवस्था लागू करने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महाराज के सुझाव को गंभीरता से लेते हुए इस संबंध में नियमानुसार आवश्यक परीक्षण और सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।


