
रुद्रप्रयाग। अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज, अगस्त्यमुनि में आगामी 20 अगस्त को हिमवंत कवि चंद्रकुंवर बर्त्वाल एवं उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी स्वर्गीय अवतार सिंह राणा की स्मृति में साहित्य एवं सांस्कृतिक समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह की तैयारियों को लेकर संस्थान के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार हरीश गुसाईं की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें समारोह के आयोजन का निर्णय लिया गया।
विद्यार्थियों के लिए होंगी विभिन्न प्रतियोगिताएं
संस्थान के अध्यक्ष हरीश गुसाईं ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी समारोह में कविता पाठ प्रतियोगिता, कविता पोस्टर प्रतियोगिता एवं साहित्य प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया जाएगा। विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए रिन्यू पावर संस्था भी सहयोग कर रही है।
संगीतमय होगा चंद्रकुंवर बर्त्वाल की रचनाओं का पाठ
संस्थान के सचिव सुधीर बर्त्वाल ने बताया कि समारोह के दौरान हिमवंत कवि चंद्रकुंवर बर्त्वाल की रचनाओं का संगीतमय सस्वर पाठ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संस्थान का मुख्य उद्देश्य कवि की साहित्यिक रचनाओं को आमजन तक सहज रूप से पहुंचाना है।
उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य के तहत संस्थान द्वारा चंद्रकुंवर बर्त्वाल की रचनाओं के दो संयुक्त संकलन भी प्रकाशित किए जा चुके हैं।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में संस्थान के उपाध्यक्ष गिरीश बेंजवाल, वरिष्ठ पत्रकार अनुसूया प्रसाद मलासी, गंगाराम सकलानी, कुसुम भट्ट, दीपेंद्र बिष्ट, दीपक बेंजवाल तथा कोषाध्यक्ष कालिका काण्डपाल मौजूद रहे।



