व्यापार

FSSAI ने डाबर को भ्रामक दावों वाले उत्पादों की बिक्री रोकने का दिया निर्देश; शेयर में 2% की गिरावट

नई दिल्ली. देश की बड़ी एफएमसीजी कंपनी डाबर इंडिया को भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण से बड़ा झटका लगा है. एफएसएसएआई ने कंपनी को अपने कई फूड प्रोडक्ट्स की बिक्री तुरंत रोकने का निर्देश दिया है. नियामक का कहना है कि कंपनी अपने उत्पादों पर ऐसे दावे कर रही थी जो उपभोक्ताओं को गुमराह कर सकते हैं और मौजूदा नियमों के अनुरूप नहीं हैं.

एफएसएसएआई की कार्रवाई शहद, ऐपल साइडर विनेगर, वर्जिन कोकोनट ऑयल, तिल का तेल, देसी घी, नारियल पानी, कोकोनट मिल्क समेत कई उत्पादों पर लागू होगी. नियामक ने कंपनी को 15 दिनों के भीतर एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) भी जमा करने का निर्देश दिया है.

क्या है पूरा मामला?

एफएसएसएआई के मुताबिक डाबर अपनी वेबसाइट और कुछ प्रोडक्ट्स पर “100% नैचुरल”, “100% Pure”, “100% प्योरिटी गारंटीड” और “100% ऑर्गेनिक” जैसे दावे कर रही थी. नियामक का कहना है कि एफएसएस (एडवर्टाइजिंग & क्लेम्स) रेग्युलेशन, 2018 के तहत इस तरह के “100%” दावे अस्पष्ट हैं, इन्हें पूरी तरह सत्यापित नहीं किया जा सकता और ये ग्राहकों को गुमराह कर सकते हैं.

इन प्रोडक्ट्स पर भी मिली गड़बड़ी

जांच के दौरान एफएसएसएआई को यह भी पता चला कि डाबर हिमालयन ऑर्गेनिक एप्पल साइडर विनेगर और डाबर ऑर्गेनिक हनी पर वैध एफएसएसएआई ऑर्गेनिक मंजूरी के बिना ‘जैविक भारत’ लोगो का इस्तेमाल किया गया. वहीं डाबर होममेड कोकोनट मिल्क पर “100% Purity” का दावा भी नियमों के खिलाफ पाया गया.

पहले भी मिला था नोटिस

एफएसएसएआई ने बताया कि कंपनी को पहले भी नोटिस भेजकर इन दावों में सुधार करने के लिए कहा गया था. हालांकि नियामक के मुताबिक कंपनी की ओर से संतोषजनक सुधारात्मक कार्रवाई नहीं की गई. इसी वजह से अब संबंधित प्रोडक्ट्स की बिक्री रोकने का निर्देश जारी किया गया है.

15 दिन में देनी होगी रिपोर्ट

एफएसएसएआई ने डाबर इंडिया को निर्देश दिया है कि वह 15 दिनों के भीतर बताए कि उसने इस आदेश के पालन के लिए क्या कदम उठाए हैं. इसके लिए कंपनी को एक्शन टेकन रिपोर्ट जमा करनी होगी. फिलहाल यह कार्रवाई भ्रामक दावों और लेबलिंग से जुड़े नियमों के उल्लंघन के आधार पर की गई है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button