राम जन्मभूमि मंदिर में CEO के लिए निकली भर्ती, 18 जुलाई तक आवेदन; क्या है पूरी प्रक्रिया?

अयोध्या : राम मंदिर में चढ़ावा चोरी प्रकरण के बाद मंदिर की व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने सीईओ की भर्ती निकाला है. आवेदन करने के लिए कई शर्तें रखी गई हैं. इस प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए तीन सदस्यीय विशेष ‘सर्च कमेटी’ बनाई गई है. सर्च पैनल सभी आवेदकों की बारीकी से जांच करेगा और योग्य उम्मीदवारों का इंटरव्यू लेगा. इसके बाद कमेटी अंतिम चयन के लिए ट्रस्ट के सामने तीन सबसे बेहतरीन उम्मीदवारों के नाम रखेगी, जिनमें से एक को सीईओ चुना जाएगा.
तीर्थक्षेत्र संस्था के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के लिए योग्य एवं इच्छुक उम्मीदवार 18 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. इसके लिए उन्हें searchcommittee.srjbt@gmail.com पर मेल करना होगा. जिसे इस पद के लिए चुना जाएगा, वो तीन साल के लिए कॉन्ट्रैक्ट पर इस पद पर बना रहेगा. आगे उसकी कार्य कुशलता पर नवीनीकरण हो सकेगा.
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को कुछ खास ख्याल रखना होगा. ट्रस्ट के शर्त अनुसार, उसकी शैक्षिक योग्यता न्यूनतम स्नातक जो अनुभवः में बड़े सार्वजनिक संगठन, संस्था, विभाग या किसी कंपनी के प्रबंधकीय दायित्व में कार्य करने का न्यूनतम 20 वर्ष कार्य का अनुभव हो, या सामान्य प्रशासन, वित्त, लेखा, कार्मिक, जनसंपर्क, आईटी, सुरक्षा, विधि व अन्य समन्वय का हो.
इसमें प्रशासनिक अधिकारी व हिंदू धार्मिक संस्था के प्रबंधन के अनुभव को वरीयता रखता हो. इसके अलावा शर्त में आवेदक की उम्र 50 से 70 वर्ष के बीच होने के साथ धार्मिक प्रवृत्ति में आस्था रखता हो. हिंदी और अंग्रेजी का अच्छा ज्ञान हो. वहीं चयन होने के बाद व्यक्ति को लगभग 3 वर्ष तक अयोध्या में ही रहना होगा.



