
रूद्रपुर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने आज सोमवार को कैम्प कार्यालय से वर्चुअल माध्यम से मासिक स्टाफ बैठक लेते हुए राजस्व अधिकारियों को नियमित न्यायालय में बैठकर लम्बित वादों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिये साथ ही आरसीएमएस पोर्टल पर अपडेट करने के निर्देश दिये। उन्होने कहा कि पुराने वादों को प्राथमिकता से निस्तारण किया जाये।
जिलाधिकारी ने शतप्रतिशत राजस्व वसूली के करने के निर्देश दिये साथ ही कहा कि बड़े बकायदारो से कड़ाई से वसूली की जाय व बड़े बकायदारो की सूची तहसीलो के साथ ही नगर निकायों में भी लगाने के निर्देश दिये। उन्होने कहा कि तहसीलदार आरसी वसूली के लिए पूर्ण प्रयास करेगें तथा उप जिलाधिकारी भी अपने स्तर पर राजस्व वसूली समीक्षा करेगें। उन्होने चेतावनी देते हुए कहा कि बिना वसूली प्रयास के ही आरसी वापस करने को गम्भीरता से लिया जायेगा।
जिलाधिकारी ने सभी राजस्व अधिकारियों को उनके स्तर से जारी होने वाले विभिन्न प्रमाण पत्रों को निर्धारित समयावधी के भीतर अनिवार्य रूप से जारी करने निर्देश दिये। उन्होने चकबन्दी व बन्दोबस्ती कार्यो में गति लाने के निर्देश दिये साथ ही सीएम हैल्पलाईन, सीएम जन समर्पण पोर्टल,मजिस्ट्रीयल जांच, आयोग के सन्दर्भो, रिट याचिका सन्दर्भो, आडित आपत्तियों, पेंशन प्रकरणों आदि की आख्या रिपोर्टिंग को समय सीमा के भीतर भेजने के निर्देश दिये।
बैठक में अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, तुषार सैनी, गौरव पाण्डेय, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी गणेश आर्या आदि मौजूद थे व सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार व सम्बन्धित अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े थे।



