शाहजहांपुर में मुठभेड़; गैंगस्टर में वांछित दो ईमानी बदमाशों को पुलिस किया गिरफ्तार

शाहजहांपुर। जनपदीय एसओजी, सर्विलांस सेल और कांट थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार तड़के मुठभेड़ के दौरान गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित 10-10 हजार रुपये के दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार मुठभेड़ में एक बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी, जबकि उसके दूसरे साथी को भी मौके से दबोच लिया गया। दोनों आरोपी थाना निगोही में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित चल रहे थे। उनके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। एसपी सौरभ दिक्षित के निर्देश पर जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर देवेंद्र कुमार के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सदर शुभम वर्मा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में एसओजी, सर्विलांस सेल और कांट पुलिस की संयुक्त टीम मंगलवार देर रात गश्त पर थी।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि थाना निगोही के गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित और इनामी बदमाश कांट-मदनापुर मार्ग पर जिन्दों वाली पुलिया के पास गोकशी करने की नीयत से मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार टीम को देखते ही दो व्यक्ति वहां खड़ी मोटरसाइकिलों को स्टार्ट कर भाग निकले, जबकि अन्य आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें मोहम्मद शाकिर के दोनों पैरों में गोली लगी। घायल होने पर उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके साथ मौजूद धर्मवीर को भी पुलिस ने दबोच लिया। पूछताछ में घायल आरोपी ने अपना नाम मोहम्मद शाकिर पुत्र जाबिर निवासी ग्राम मुढिया जागीर थाना देवरनिया हाल निवासी ग्राम पीर बहोडा थाना इज्जतनगर जनपद बरेली बताया। दूसरे आरोपी ने अपना नाम धर्मवीर पुत्र बाबूराम निवासी ग्राम ज्योति नगर जागीर थाना क्योलडिया जनपद बरेली बताया। दोनों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित था।



