अंतर्राष्ट्रीय

अफगानिस्तान ने पाकिस्तान में ISIS के ठिकानों पर हवाई हमले का दावा किया

काबुल: अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। पाकिस्तान के हाल ही में किए गए हवाई हमलों के बाद अफगानिस्तान ने जवाबी ड्रोन अटैक किए हैं। अफगान तालिबान ने दावा किया है कि इन ड्रोन हमलों में खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में ISIS-खुरासान के आतंकी कैंपों को टारगेट किया है। तालिबान के रक्षा मंत्रालय का कहना है कि इन कैंपों का इस्तेमाल अफगानिस्तान की जमीन पर हमले की योजना बनाने और उन्हें अंजाम देने के लिए हो रहा था। तालिबान का पाकिस्तान के भीतर ड्रोन हमले को अंजाम देना असीम मुनीर के नेतृत्व वाली पाक आर्मी के लिए बड़ा झटका है।

अफगान रक्षा मंत्रालय ने एक बयान जारी करते हुए पाकिस्तान में गुरुवार को ISIS के ठिकानों पर हवाई हमलों की पुष्टि की है। अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि इन जगहों से अफगानिस्तान के खिलाफ कई घातक हमलों की साजिश रची गई थी। ऐसे में उनकी आर्मी ने ड्रोन के जरिए पाकिस्तान के दो प्रांतों में इन ठिकानों को निशाना बनाया है।

कई ठिकानों पर किया हमला

अफगान रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि हवाई हमलों में ISIS के ठिकानों के साथ-साथ उन चरमपंथी समूहों के ठिकानों को भी निशाना बनाया गया, जो इस्लामिक अमीरात (अफगानिस्तान) के विरोधी हैं। अफगानिस्तान में किए गए कई घातक हमलों की योजना इन जगहों से बनाई गई थी। ऐसे में यह सैन्य कार्रवाई लगातार मिल रही धमकियों के जवाब में उठाया गया कदम है।

अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने कहा है कि पिछले हफ्ते नंगरहार और पक्तिया में पाकिस्तान के हवाई हमलों में जानमाल का भारी नुकसान हुआ था। इनमें अफगान महिलाएं और बच्चे मारे गए थे। इस हमले के बाद इफगानिस्तान के ड्रोन ने पाकिस्तानी इलाकों को निशाना बनाया है।

पाकिस्तान के अफगानिस्तान में हमले

पाकिस्तान की एयरफोर्स ने ‘ऑपरेशन गजब लिल-हक’ नाम के सैन्य अभियान के तहत अफगानिस्तान में हमले किए हैं। पाकिस्तानी आर्मी का कहना है कि उसने तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) को निशाना बनाया है। इन हमलों में नंगरहार और पक्तिया प्रांतों के साथ-साथ काबुल और कंधार में बुनियादी ढांचों को निशाना बनाया गया था।

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच बीते साल से ही तनाव चल रहा है। पाकिस्तान ने बार-बार अफगानिस्तान में हवाई हमले किए हैं। इसके बदले में अफगान फौजों ने बॉर्डर पर पाकिस्तानी सैन्य चौकियों को निशाना बनाया है। अफगान सेना ने अब इससे आगे बढ़ते हुए ड्रोन के जरिए पाकिस्तान में पनाह पा रहे आतंकियों पर हमले कर दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button