
रुद्रपुर स्थित जिला सभागार में “खेत बचाओ अभियान” के तहत एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया और किसानों को टिकाऊ खेती अपनाने का संदेश दिया।
संतुलित उर्वरक उपयोग और मिट्टी की उर्वरता पर बल
जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि खेती में संतुलित उर्वरक का उपयोग किया जाना चाहिए ताकि मिट्टी की उर्वरता बनी रहे। उन्होंने कहा कि बेहतर भविष्य और टिकाऊ कृषि के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा तथा खेतों में गोबर खाद और हरी खाद का अधिक से अधिक उपयोग करना चाहिए।
रसायनिक खाद के दुष्प्रभावों पर चेतावनी
उन्होंने कहा कि अत्यधिक रसायनिक उर्वरकों के प्रयोग से न केवल मिट्टी की उर्वरता खत्म होती है, बल्कि इससे उत्पादित अनाज और सब्जियों का सेवन मानव स्वास्थ्य पर भी नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ऑर्गेनिक खेती को बढ़ावा देने के विजन का भी उल्लेख किया।
ऑर्गेनिक खेती को बताया स्वास्थ्य और उत्पादन के लिए लाभकारी
अजय मौर्य ने कहा कि जैविक खेती अपनाकर किसान बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं और इसका स्वास्थ्य पर कोई दुष्प्रभाव भी नहीं होता। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपने साथ-साथ मिट्टी के स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रखें।
1 जून से 30 जून तक चलेगा खेत बचाओ अभियान
मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वी.के.एस. यादव ने जानकारी दी कि खेत बचाओ अभियान 1 जून से 30 जून तक जनपद के सभी विकास खंडों में जन जागरूकता और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के रूप में चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों को मिट्टी की जांच कराकर ही उर्वरक और दवाइयों का उपयोग करना चाहिए ताकि भूमि की उर्वरता बनी रहे।
कृषि वैज्ञानिकों ने दी विस्तृत जानकारी
पंतनगर कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों ने कार्यक्रम में रसायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और किसानों को वैज्ञानिक तरीके से खेती करने की सलाह दी।
प्रगतिशील किसानों का सम्मान
इस अवसर पर कृषि, पशुपालन, उद्यान, मत्स्य और राशन क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगतिशील किसानों को प्रशस्ति पत्र और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष कमल जिंदल, जिला पंचायत सदस्य सूरज नारायण, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, जिला विकास अधिकारी सुशील मोहन डोभाल, मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वी.के.एस. यादव, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आशुतोष जोशी, मुख्य उद्यान अधिकारी सतीश कुमार शर्मा सहित अनेक किसान और अधिकारी उपस्थित रहे।



