उत्तराखंडराज्य

रुद्रपुर में जल्द मिलेगा आशियाना: प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने 1872 फ्लैट होंगे आवंटित

रुद्रपुर के बागवाला क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित आवासों का सपना जल्द ही सैकड़ों परिवारों के लिए साकार होने जा रहा है। राज्य के आवास एवं राज्य सम्पत्ति सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने शुक्रवार को परियोजना स्थल का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवास आवंटन प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।

करीब 156 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए गए 1872 आवासों का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और जल्द ही इनका लोकार्पण कर पात्र लाभार्थियों को चाबियां सौंपने की तैयारी की जा रही है।

लाभार्थियों से धनराशि जमा कराने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन लाभार्थियों ने अभी तक अपनी निर्धारित हिस्सेदारी जमा नहीं कराई है, उनसे जल्द संपर्क कर प्रक्रिया पूरी कराई जाए ताकि आवासों का शीघ्र आवंटन किया जा सके।

विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत प्रत्येक आवास के लिए तीन लाख रुपये की सहायता सरकार की ओर से प्रदान की जाती है, जबकि तीन लाख रुपये लाभार्थी को जमा करने होते हैं। अब तक 185 लाभार्थी अपनी पूरी धनराशि जमा कर चुके हैं, जबकि 222 अन्य लाभार्थियों को पत्र और दूरभाष के माध्यम से भुगतान के लिए सूचित किया गया है।

अंतिम चरण में पहुंचा आवास परिसर का विकास कार्य

प्राधिकरण के सचिव ने बताया कि आवास परिसर में साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। परिसर को हरित बनाने के लिए पौधारोपण अभियान भी संचालित किया जा रहा है। इसके अलावा यहां स्थापित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की परीक्षण प्रक्रिया भी सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है।

निरीक्षण के दौरान डॉ. राजेश कुमार ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया और कहा कि प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री के करकमलों से इन आवासों का शीघ्र लोकार्पण कराया जाएगा।

प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 की तैयारी शुरू

आवास सचिव ने अधिकारियों को प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के लिए संभावित परियोजनाओं की भूमि चिह्नित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों को आवास उपलब्ध कराने के लिए नई योजनाओं पर तेजी से काम किया जाएगा।

कुमाऊं कॉमर्शियल कुटीर परियोजना का भी किया निरीक्षण

बागवाला परियोजना के बाद सचिव ने त्रिशूल चौक के निकट लोक निर्माण विभाग की लगभग 6.5 एकड़ भूमि का निरीक्षण किया। यहां प्रस्तावित कुमाऊं कॉमर्शियल कुटीर परियोजना के तहत बहुमंजिला आवासीय और व्यावसायिक भवन विकसित किए जाने की योजना है।

अधिकारियों ने बताया कि परियोजना की प्रारंभिक विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर शासन को भेजी जा चुकी है और स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

रामपुर रोड पर बनेगा आधुनिक ट्रांसपोर्ट नगर

सचिव ने रामपुर रोड स्थित प्रस्तावित ट्रांसपोर्ट नगर की भूमि का भी स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों के अनुसार 48 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित होने वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए लगभग 72 करोड़ रुपये की प्रारंभिक डीपीआर शासन को भेजी गई है।

उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर के विकसित होने से परिवहन कारोबार से जुड़े लोगों को एक ही स्थान पर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे व्यवसायिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

सड़क चौड़ीकरण और प्राधिकरण कार्यालय निर्माण कार्य की समीक्षा

दौरे के दौरान सचिव ने त्रिशूल चौक से मेडिकल कॉलेज तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। साथ ही कलेक्ट्रेट परिसर में निर्माणाधीन विकास प्राधिकरण कार्यालय का भी जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कई अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण कार्यक्रम में जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जय किशन, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, प्राधिकरण सचिव पंकज उपाध्याय, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता गजेंद्र सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button