उत्तराखंडराज्य

महिला एवं बाल विकास योजनाओं की समीक्षा, मुख्य सचिव ने दिए अहम निर्देश

देहरादून। महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति को लेकर राज्य स्तरीय मूल्यांकन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मिशन सक्षम आंगनवाड़ी एवं पोषण, मिशन वात्सल्य और मिशन शक्ति योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

टेक होम राशन वितरण में फेस रिकग्निशन सिस्टम लागू करने के निर्देश

बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि टेक होम राशन का 100 प्रतिशत वितरण फेस रिकग्निशन सिस्टम के माध्यम से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि इसके लिए आवश्यक तकनीकी और प्रशासनिक तैयारियां जल्द पूरी की जाएं ताकि वितरण प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और प्रभावी बन सके।

जिलास्तर पर समन्वय मजबूत करने पर जोर

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने जिलास्तर पर विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि संबंधित समितियों की बैठकें नियमित रूप से निर्धारित समय पर आयोजित की जाएं, जिससे विभागीय समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो सके और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।

आंगनवाड़ी केंद्रों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश

बैठक में आंगनवाड़ी केंद्रों की आधारभूत सुविधाओं को लेकर भी गंभीर चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने सभी केंद्रों में बिजली और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिन केंद्रों में ये सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, उनकी सूची तैयार कर संबंधित विभागों को भेजने और आवश्यक फंड उपलब्ध कराने को कहा गया।

पंचायत भवनों का उपयोग आंगनवाड़ी केंद्रों के रूप में करने का सुझाव

भवन विहीन आंगनवाड़ी केंद्रों की समस्या के समाधान के लिए मुख्य सचिव ने अनुपयोगी पंचायत भवनों का उपयोग आंगनवाड़ी केंद्रों के रूप में करने का सुझाव दिया। इसके साथ ही जर्जर भवनों की मरम्मत और जरूरत पड़ने पर पुनर्निर्माण कार्य कराने के निर्देश भी दिए गए।

बाल देखरेख संस्थाओं का होगा थर्ड पार्टी ऑडिट

मुख्य सचिव ने विभाग के अधीन संचालित सभी राजकीय एवं स्वैच्छिक बाल देखरेख संस्थाओं का थर्ड पार्टी ऑडिट कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे सेवाओं की गुणवत्ता, पारदर्शिता और बच्चों के हितों की बेहतर निगरानी सुनिश्चित की जा सकेगी।

कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में प्रमुख सचिव अमित कुमार सिन्हा, सचिव चन्द्रेश कुमार यादव, डॉ. वी. षणमुगम, रणवीर सिंह चौहान सहित विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए आगामी कार्ययोजना पर भी चर्चा की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button