
देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ ने इलाके में सनसनी फैला दी। इस कार्रवाई में एक कुख्यात अपराधी मारा गया, जबकि थाना प्रभारी प्रेमनगर गोली लगने से घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने पूरे जनपद में सुरक्षा बढ़ाते हुए फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
लूट की वारदात के बाद शुरू हुआ पीछा
गढ़वाल क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक राजीव स्वरूप के अनुसार, 29-30 अप्रैल की रात कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि पौंधा रोड पर अज्ञात बदमाशों ने ठेकेदार देवराज को गोली मारकर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया है। बदमाश करीब 2 लाख रुपये की नकदी, मोबाइल फोन और महत्वपूर्ण दस्तावेज लेकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, घायल को अस्पताल भेजा गया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई।
जंगल की ओर भागे बदमाश, पुलिस पर की फायरिंग
पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर संदिग्ध कार जंगल की ओर जाती दिखाई दी। जैसे ही पुलिस नजदीक पहुंची, बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी और वाहन छोड़कर जंगल में फरार हो गए। पुलिस टीम ने उनका पीछा जारी रखा, लेकिन बदमाशों ने दोबारा गोलीबारी कर दी, जिसमें थाना प्रभारी प्रेमनगर घायल हो गए।
जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश ढेर
आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। घायल बदमाश को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
कुख्यात अपराधी अकरम की हुई पहचान
मृतक की पहचान अकरम पुत्र मासूम अली, निवासी शामली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि वह वर्ष 2014 के चर्चित बालावाला डकैती और अंकित हत्याकांड का मुख्य आरोपी था। लंबे समय तक फरार रहने के बाद उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था और 2017 में उसे गिरफ्तार किया गया था।
कई गंभीर मामलों में था शामिल
अकरम के खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में हत्या, डकैती, लूट सहित एक दर्जन से अधिक गंभीर मामले दर्ज थे। हाल ही में वह कोर्ट पेशी के लिए देहरादून आया था और इसी दौरान अपने साथियों के साथ मिलकर इस लूट की घटना को अंजाम दिया।
मौके से हथियार और लूटा गया सामान बरामद
मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने एक देसी पिस्टल, तमंचा, कारतूस, घटना में प्रयुक्त कार और लूटी गई पूरी नकदी बरामद कर ली है। फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है और इलाके में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।



