अंतर्राष्ट्रीय

बांग्लादेश में पद्मा नदी में बस गिरने से 24 लोगों की मौत, कई घायल

राजबाड़ी: बांग्लादेश के राजबाड़ी जिले में पद्मा नदी में एक यात्री बस के गिर जाने से 24 लोगों की मौत हो गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस घटना में कई लोग घायल हुए हैं और कुछ अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। राजबाड़ी से ढाका जा रही इस बस में करीब 40 से 50 यात्री सवार थे। यह दुर्घटना बुधवार शाम करीब 5 बजे दौलतदिया फेरी टर्मिनल नंबर 3 के सामने हुई। बस फेरी पर चढ़ने की कोशिश कर रही थी कि तभी वह नियंत्रण खोकर पानी में गिर गई। चश्मदीदों के मुताबिक, बस में कई स्टॉप्स से यात्री सवार हुए थे और वह खचाखच भरी हुई थी।

‘रात होने के कारण बचाव कार्य में दिक्कत हुई’

पुलिस इंस्पेक्टर रसेल मुल्ला ने बताया कि अब तक 24 शव बरामद किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग अभी भी लापता हैं, जबकि कुछ यात्रियों को रेस्क्यू कर लिया गया है। उन्होंने कहा, ‘रात होने के कारण बचाव कार्य रोक दिया गया, लेकिन सुबह फिर शुरू हो गया। फायर सर्विस, नेवी, पुलिस और अन्य टीमों के साथ मिलकर बचाव अभियान चल रहा है।’ उन्होंने रात में कहा था कि अंधेरा होने से काम अस्थायी रूप से रोक दिया गया है, लेकिन दिन निकलते ही फिर जोर-शोर से शुरू होगा।

‘आंखों के सामने पत्नी और बेटा नदी में डूब गए’

रेस्क्यू शिप हमजा ने 6 घंटे बाद डूबी बस को पानी से बाहर निकाला। रात 11:15 बजे बस का कुछ हिस्सा दिखाई दिया और 11:30 बजे क्रेन की मदद से पूरी बस बाहर खींच ली गई। दुर्घटना में बाल-बाल बचे एक यात्री ने बताया कि वह तैरकर किनारे तक पहुंच गया, लेकिन उसकी पत्नी और बेटा उसकी आंखों के सामने पानी में डूब गए। कलुखाली उपजिला के अब्दुल अजीजुल ने भी बताया कि वह बस में सवार था और तैरकर बच गया, लेकिन उसकी पत्नी और बेटा अभी भी लापता हैं।

पद्मा नदी के किनारे जुटी परिजनों की भीड़

पद्मा नदी के किनारे दुर्घटना की जगह पर रोते-बिलखते परिजन इकट्ठा हो गए। वे उम्मीद लगाए बैठे थे कि उनके अपनों को जिंदा बचा लिया जाएगा। बचाव कार्य में फायर सर्विस के डाइवर, नौसेना और पुलिस की टीमें लगी हुई हैं, लेकिन रात में दुर्घटना होने की वजह से बचाव कार्य में काफी दिक्कतें पेश आईं। बताया जा रहा है कि यह बस सौहार्दो परिवहन की थी। स्थानीय प्रशासन और राहत टीमें मौके पर सक्रिय हैं और हालात पर नजर रखे हुए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button