
देहरादून में शनिवार को सीमांत जनपद पिथौरागढ़ से मुनस्यारी नगर पंचायत अध्यक्ष सहित कई जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि सीमांत क्षेत्रों से बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों का पार्टी में शामिल होना संगठन के लिए सकारात्मक संकेत है और इससे धारचूला विधानसभा क्षेत्र में आगामी चुनावों में जीत का रास्ता मजबूत होगा।
प्रदेश कार्यालय में हुआ सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम
देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सभी नए सदस्यों को फूलमाला और पार्टी का पटका पहनाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन सरकार के प्रयासों से विकास कार्यों को गति मिली है और राज्य में भरोसे का माहौल बना है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में विकास की नई दिशा तय की जा रही है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों से प्रभावित होकर विभिन्न क्षेत्रों के राजनीतिक और सामाजिक कार्यकर्ता भाजपा से जुड़ रहे हैं।
सीमांत क्षेत्रों में बढ़ रहा भाजपा का प्रभाव
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि दूरस्थ और सीमांत जनपद पिथौरागढ़ से जनप्रतिनिधियों का भाजपा में शामिल होना इस बात का प्रमाण है कि सरकार और संगठन के कार्यों का प्रभाव समाज के हर वर्ग तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि इससे पार्टी को सीमांत क्षेत्रों में और मजबूती मिलेगी।
उन्होंने धारचूला विधानसभा क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछली बार भाजपा यहां बहुत कम अंतर से जीत दर्ज करने से रह गई थी। लगभग 1118 वोटों के अंतर से पार्टी को हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन इस बार संगठन की मजबूती और जनसमर्थन के दम पर यह कमी पूरी करते हुए जीत सुनिश्चित की जाएगी।
इन नेताओं ने ली भाजपा की सदस्यता
प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार के संचालन में आयोजित इस कार्यक्रम में मुनस्यारी नगर पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र पांगती सहित कई जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ली। इनमें गणेश पांगती, जितेंद्र जोठा, हंसा देवी, सुरेंद्र सिंह बृजवाल, पुष्कर सिंह, नवीन जौपनी, महेश रावत, सुरेंद्र सिंह निखुरप्पा, भूपेंद्र सिंह धर्मसत्तू, मनोज सिंह मर्तोलिया, मनोहर सिंह घपवाल, नितिन रावत, कृष्णा पांगती, दीपू बृजवाल, कैलाश जेरठा, राजू बम, दिनेश बृजवाल और लाजवंत बृजवाल सहित कई लोग शामिल रहे।
कार्यक्रम में कई वरिष्ठ पदाधिकारी रहे मौजूद
इस मौके पर प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत, दायित्वधारी सुभाष बड़थ्वाल, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी, प्रदेश प्रवक्ता हनी पाठक और पिथौरागढ़ जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।



