उत्तराखंडराज्य

ऑल इंडिया गोरखा एक्स-सर्विसमेन्स वेलफेयर एसोसिएशन का 75वां स्थापना दिवस: भव्य समारोह की रूपरेखा

देहरादून। ऑल इंडिया गोरखा एक्स-सर्विसमेन्स वेलफेयर एसोसिएशन अपने 75वें स्थापना दिवस के अवसर पर 26 और 27 नवंबर को भव्य समारोह का आयोजन करने जा रही है। शनिवार को देहरादून में आयोजित प्रेस वार्ता में संस्था ने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की। समारोह में बड़ी संख्या में गोरखा भूतपूर्व सैनिक, वीर नारियां और विभिन्न प्रांतों से आए प्रतिनिधि शामिल होंगे।

एसोसिएशन की स्थापना और उद्देश्य

संस्था के अध्यक्ष कर्नल आर.एस. क्षेत्री ने बताया कि एसोसिएशन की स्थापना 26 नवंबर 1950 को उन दस लाख रुपये से हुई थी, जो द्वितीय विश्व युद्ध में अंग्रेजों की ओर से लड़ने वाले भारतीय गोरखाओं को प्रदान किए गए थे। इसकी पहली बैठक संसद भवन में हुई थी। यह संगठन रक्षा मंत्रालय के दिशा-निर्देश पर गोरखा पूर्व सैनिकों के उत्थान के उद्देश्य से गठित किया गया था।

संस्थापक अध्यक्ष बैरिस्टर अरि बहादूर गुरूंग स्वतंत्र भारत की पहली संसद के सदस्य थे और उन्हें भारतीय संविधान की 26 नवंबर 1949 को लागू की गई मूल प्रति पर हस्ताक्षर करने का गौरव भी प्राप्त है।

पंजीकरण और कल्याणकारी गतिविधियां

कर्नल क्षेत्री ने बताया कि एसोसिएशन रक्षा मंत्रालय द्वारा मान्यता प्राप्त है और कम्पनियों एक्ट XXI 1860 के तहत पंजीकृत है। संस्था की राजपत्र अधिसूचना 8 जून 1963 को प्रकाशित हुई थी।

एसोसिएशन अपने संबद्धित शाखाओं के माध्यम से हवलदार और उससे नीचे की रैंक के भूतपूर्व सैनिकों, वीर नारियों, विधवाओं और आश्रित परिवारों के लिए अनेक कल्याणकारी कार्य करती है, जिनमें शामिल हैं:

  • छात्रवृत्ति प्रदान करना

  • व्यावसायिक प्रशिक्षण और भर्ती कोचिंग

  • नर्सिंग सहायता

  • विधवाओं की पुत्रियों की शादी में आर्थिक सहयोग

  • अंत्येष्टि अनुदान

  • प्राकृतिक आपदा में राहत एवं सहायता

26 नवंबर: मुख्य समारोह

कर्नल क्षेत्री ने बताया कि 26 नवंबर को गढ़ी कैंट स्थित एमडीडीए के हरबंस कपूर सामुदायिक भवन में मुख्य समारोह आयोजित होगा। मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम में गोरखाली, गढ़वाली और कुमाउनी लोकनृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इस अवसर पर 75वीं वर्षगांठ की स्मारिका का विमोचन और संस्थापक अध्यक्ष बैरिस्टर अरि बहादूर गुरूंग की प्रतिमा का अनावरण भी किया जाएगा। उत्कृष्ट कार्य करने वाले गोरखा पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया जाएगा। देश के विभिन्न राज्यों से लगभग सौ से अधिक प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।

27 नवंबर: वार्षिक अधिवेशन

27 नवंबर को नयांगांव स्थित मुख्यालय में वार्षिक अधिवेशन आयोजित किया जाएगा। इसमें संस्थाओं की गतिविधियों एवं भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। समारोह का शुभारंभ सैनिक कल्याण, कृषि एवं ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी द्वारा किया जाएगा।

प्रेस वार्ता में उपस्थित पदाधिकारी

प्रेस वार्ता में उपाध्यक्ष अमर कुमार मुखिया, महासचिव कै. दिनेश प्रधान, श्रीमती पूजा सुब्बा चन्द, श्रीमती प्रभा शाह, श्रीमती संकल्प पंथ, श्रीमती रमा थापा और श्री नीलकमल चंद सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button