पेट्रोल एक्सपोर्ट पर लगा ₹3 का टैक्स, लेकिन डीजल और हवाई ईंधन पर मिली भारी छूट

नई दिल्ली। पेट्रोल और डीजल के दाम 3 रुपये प्रति लीटर बढ़ाने के बाद केंद्र सरकार ने एक और बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने शुक्रवार को फ्यूल एक्सपोर्ट चार्ज में नए बदलावों का ऐलान किया। पेट्रोल एक्सपोर्ट पर 3 रुपये प्रति लीटर का विंडफॉल टैक्स लगाया गया है।
इसके साथ डीजल और एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) पर एक्सपोर्ट ड्यूटी में कटौती की गई है। वित्त मंत्रालय की एक अधिसूचना इसकी घोषणा की। पेट्रोल निर्यात पर अब स्पेशल एडिशनल एक्साइज चार्ज लगेगा। पेट्रोल-डजील निर्यात की नई दरें 16 मई से लागू हैं।
पेट्रोल-डीजल पर निर्यात ड्यूटी कितनी?
PTI की एक रिपोर्ट के मुताबिक, फिलहाल पेट्रोल के एक्सपोर्ट पर 3 रुपये प्रति लीटर का स्पेशल एडिशनल एक्साइज चार्ज (SAED) लगेगा। वहीं, डीजल पर एक्सपोर्ट ड्यूटी 23 रुपये प्रति लीटर से घटाकर 16.5 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) पर भी टैक्स 33 रुपये प्रति लीटर से घटाकर 16 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है।
वित्त मंत्रालय ने कहा है कि देश के भीतर बिकने वाले पेट्रोल और डीजल पर लगने वाले शुल्कों में कोई बदलाव नहीं होगा। मंत्रालय ने यह भी कहा कि पेट्रोल और डीजल के निर्यात पर रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर सेस नहीं लगेगा।
सरकार ने सबसे पहले 26 मार्च को डीजल और ATF पर निर्यात शुल्क लगाया था, जो क्रमशः 21.5 रुपये प्रति लीटर और 29.5 रुपये प्रति लीटर था। इसके बाद 11 अप्रैल को इन शुल्कों में भारी बढ़ोतरी की गई, और फिर 30 अप्रैल को हुई समीक्षा के दौरान इनमें आंशिक कटौती की गई।
100 डॉलर प्रति बैरल के बार जा पहुंची है कच्चे तेल की कीमत
यह मौजूदा कटौती पश्चिम एशिया में तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल के बाजारों में लगातार बनी अस्थिरता के चलते हुई है। पिछले कुछ दिनों में कच्चे तेल की कीमतें 100 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल के पार चली गई हैं, जबकि युद्ध शुरू होने से पहले ये कीमतें लगभग 73 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल थीं।
सरकार का कहना है कि निर्यात शुल्क में बदलाव का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि देश में पर्याप्त ईंधन उपलब्ध रहे, और ऐसे समय में अत्यधिक निर्यात को हतोत्साहित करना है जब तेल की कीमतें ऊंची हैं।
क्या है पेट्रोल-डीजल की कीमत?
शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई। इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में आज यानी 16 मई को पेट्रोल की कीमत 97.77 रुपये प्रति लीटर है और डीजल की कीमत 87.67 रुपये से बढ़कर 90.67 रुपये हो गई है।


