
देहरादून। जनपद के विकासनगर क्षेत्र में शक्तिनहर में डूबे एक युवक का शव SDRF की टीम ने सोमवार सुबह बरामद कर लिया। पुलिस को सूचना मिली थी कि युवक ने रात के समय पुल नंबर-1 से शक्तिनहर में छलांग लगा दी थी। सूचना मिलते ही SDRF ने तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची SDRF टीम
पुलिस चौकी बाजार विकासनगर से सोमवार सुबह करीब 8:11 बजे SDRF डाकपत्थर पोस्ट को घटना की जानकारी दी गई। सूचना प्राप्त होते ही अपर उप निरीक्षक आशिक अली के नेतृत्व में SDRF की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
टीम ने शक्तिनहर में व्यापक स्तर पर सर्चिंग अभियान चलाया और युवक की तलाश शुरू की।
ढकरानी इंटेक क्षेत्र से बरामद हुआ शव
काफी तलाश के बाद SDRF टीम ने ढकरानी इंटेक क्षेत्र से युवक का शव बरामद कर लिया। मृतक की पहचान मुबारिक पुत्र इकराम (30 वर्ष), निवासी बड़ा रामपुर, देहरादून के रूप में हुई है।
शव पुलिस के सुपुर्द
SDRF टीम ने शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।



