
देहरादून। सहायक अध्यापक (एलटी) भर्ती परीक्षा के संशोधित परिणाम में चयनित अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया में सहयोग के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट का आभार जताया। शनिवार को अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचकर महेंद्र भट्ट से मुलाकात की और शेष नियुक्ति प्रक्रिया को जल्द पूरा कराने की मांग रखी।
संशोधित परिणाम के बाद 564 अभ्यर्थियों को मिला चयन का मौका
अभ्यर्थियों ने बताया कि उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से 1544 पदों पर आयोजित सहायक अध्यापक भर्ती प्रक्रिया में न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन के बाद संशोधित परिणाम जारी किया गया है। संशोधित परिणाम आने के बाद कटऑफ के दायरे में 564 नए अभ्यर्थियों के आने से वे भी चयन की श्रेणी में शामिल हो गए हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए इससे पहले भी उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट से मुलाकात की थी। उस दौरान भट्ट ने संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर अभ्यर्थियों की समस्याओं के समाधान में सहयोग किया था। संशोधित परिणाम जारी होने के बाद सफल अभ्यर्थियों ने उनसे मुलाकात कर सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
दस्तावेज सत्यापन और नियुक्ति प्रक्रिया जल्द पूरी कराने की मांग
अभ्यर्थियों ने महेंद्र भट्ट को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि संशोधित परिणाम में चयनित 564 अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन और अंतिम नियुक्ति प्रक्रिया अभी बाकी है। इसके अलावा पूर्व में चयनित करीब 70 अभ्यर्थियों के कार्यभार ग्रहण नहीं करने समेत अन्य कारणों से कुछ पद अभी भी रिक्त हैं।
अभ्यर्थियों ने शासन और शिक्षा विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए दस्तावेज सत्यापन तथा नियुक्ति प्रक्रिया को जल्द पूरा कराने की मांग की। उनका कहना था कि प्रक्रिया में अनावश्यक देरी से चयनित अभ्यर्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
युवाओं के हित में सरकार प्रतिबद्ध: महेंद्र भट्ट
महेंद्र भट्ट ने प्रतिनिधिमंडल की बात सुनते हुए कहा कि राज्य सरकार युवाओं के हित और उनके उज्ज्वल भविष्य को लेकर पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने सभी सफल अभ्यर्थियों को बधाई दी और कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ ही भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
भट्ट ने आश्वासन दिया कि संबंधित विभागीय अधिकारियों से वार्ता कर दस्तावेज सत्यापन और नियुक्ति प्रक्रिया को पारदर्शी एवं शीघ्र पूरा कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
दूरस्थ क्षेत्रों के स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर होने की उम्मीद
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने उम्मीद जताई कि संशोधित परिणाम में चयनित 564 अभ्यर्थियों को जल्द नियुक्ति मिलने से प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों के राजकीय विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को दूर करने में मदद मिलेगी। इससे विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था मजबूत होगी और छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का बेहतर लाभ मिल सकेगा।



