उत्तराखंडराज्य

चमोली में गंगा संरक्षण समिति की बैठक: नदियों की सफाई और संरक्षण पर जोर

चमोली। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को गंगा संरक्षण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य गंगा नदी और उसकी सहायक नदियों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा करना था। इस दौरान जिलाधिकारी ने नगर पालिका, पंचायतों और जिला पंचायत के अधिकारियों को नदियों के संरक्षण के लिए निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एसटीपी संचालन और जल प्रबंधन पर विशेष ध्यान

बैठक में जिलाधिकारी ने नगर पालिका और पंचायतों के साथ-साथ संबंधित विभागों को सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के सुचारु संचालन और नियमित रख-रखाव के लिए निर्देशित किया। उन्होंने जल संस्थान के अधिकारियों को निर्देश दिया कि एसटीपी से उपचारित जल एनजीटी के मानकों के अनुरूप होना चाहिए। इसके अलावा तहसील स्तर पर गठित कमेटियों को नियमित मासिक बैठकें आयोजित करने का निर्देश भी दिया गया।

जिलाधिकारी ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारियों को डोर-टू-डोर कचरा संग्रह की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कदम उठाने के निर्देश दिए। साथ ही 20 कमरों से अधिक वाले होटलों में ईटीपी (Effluent Treatment Plant) का निर्माण न किए जाने पर सख्त कार्रवाई करने के आदेश नमामि गंगे और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों को जारी किए गए।

नदियों की सफाई और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन

बैठक में जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे, गोविंद बुटोला ने बताया कि जनपद में नदियों की सफाई बनाए रखने के लिए 17 एसटीपी का निर्माण किया गया है। इन एसटीपी के माध्यम से 28 नालों का पानी शुद्ध कर निस्तारित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि सभी नगर पालिकाओं और पंचायतों में नियमित सफाई व्यवस्था के साथ डोर-टू-डोर कचरा संग्रह किया जा रहा है। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के तहत जनपद के 11 नगर निकायों द्वारा प्लास्टिक कचरे का संकलन और बिक्री कर दिसंबर माह में 1,09,559 रुपए की आय अर्जित की गई। वहीं अप्रैल से वर्तमान तक प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन के तहत 393 चालान और एंटी लिटरिंग एंड एंटी स्पिटिंग एक्ट के तहत 667 चालान जारी किए गए।

बैठक में मौजूद अधिकारी

इस अवसर पर डीएफओ सर्वेश कुमार दुबे, एसडीएम आर. के. पांडेय, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता, डीपीआरओ रमेश त्रिपाठी, एएमए तेज सिंह, जिला पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड सहित सभी नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button