
रूद्रपुर। उत्तराखण्ड विद्यालयी शिक्षा परिषद की वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाएँ आगामी 21 फरवरी से आयोजित होने जा रही हैं। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र ने कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक लेते हुए सभी अधिकारियों को परीक्षाओं के सफल और नकल-रहित संचालन के लिए सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की तैयारी हमारी साझा जिम्मेदारी है और सभी को अपने कर्तव्यों का पालन गंभीरता से करना होगा।
परीक्षा केन्द्रों में सुरक्षा और निगरानी
अपर जिलाधिकारी ने विशेष रूप से कहा कि परीक्षा केन्द्रों के मुख्य गेट पर ही सभी सुरक्षा जांच सुनिश्चित की जाए ताकि कोई भी अनुचित साधन परीक्षा कक्ष में प्रवेश न कर सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि उद्देश्य केवल नकल को रोकना है, परीक्षार्थियों को डराना नहीं।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केन्द्रों में पेयजल और विद्युत व्यवस्था सुचारू हो, और संवेदनशील केन्द्रों पर विशेष नजर रखी जाए। प्रश्नपत्र खोलने से पहले उन्हें भलीभांति जांचा जाए ताकि सही और निर्धारित प्रश्नपत्र ही परीक्षा कक्ष में खुले।
इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर प्रतिबंध
अपर जिलाधिकारी ने कड़े शब्दों में कहा कि परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लाना पूर्णतः वर्जित है। किसी भी स्तर पर लापरवाही होने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी समस्या के मामले में तुरंत उच्च अधिकारियों को सूचित किया जाए ताकि समय पर समाधान किया जा सके।
परीक्षा संचालन की जिम्मेदारियां
परीक्षा केन्द्रों में सुचारू और व्यवस्थित परीक्षा संचालन की पूरी जिम्मेदारी केन्द्र प्रभारी और कस्टोडियन की होगी। प्रश्नपत्रों को सुरक्षित डबल लॉक में रखने का भी निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त, परीक्षा केन्द्रों की 100 गज की परिधि में बीएनएसएस की धारा 163 लागू रहेगी।
इस वर्ष परीक्षा में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या
मुख्य शिक्षा अधिकारी केएस रावत ने बताया कि इस वर्ष जनपद में हाई स्कूल और इण्टरमीडिएट परीक्षाओं में कुल 39,924 छात्र-छात्राएं भाग लेंगे।
-
हाई स्कूल परीक्षा: 21,362 छात्र/छात्राएं
-
बालक संस्थागत: 10,336
-
बालिका संस्थागत: 10,714
-
बालक व्यक्तिगत: 170
-
बालिका व्यक्तिगत: 142
-
-
इण्टरमीडिएट परीक्षा: 15,945 छात्र/छात्राएं
-
बालक संस्थागत: 8,355
-
बालिका संस्थागत: 9,442
-
बालक व्यक्तिगत: 414
-
बालिका व्यक्तिगत: 351
-
परीक्षा केन्द्रों की व्यवस्था
जनपद में कुल 110 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं, जिनमें 101 मिश्रित और 9 एकल परीक्षा केन्द्र शामिल हैं। 37 केन्द्र संवेदनशील घोषित किए गए हैं। सबसे बड़ा परीक्षा केन्द्र देशबन्धु इ.का. पिपलिया नं0-1 गदरपुर है, जिसमें 12×40 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। सबसे छोटा परीक्षा केन्द्र रा0उ0मा0वि0 तीरथ जसपुर है, जिसमें केवल 60 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय में कन्ट्रोल रूम बनाया गया है, जो परीक्षा अवधि में 24×7 सक्रिय रहेगा। किसी समस्या या परेशानी के मामले में छात्र/अभिभावक निम्नलिखित नंबर पर संपर्क कर सकते हैं: 9759422324, 7895945044, 9760663559।
बैठक में उपस्थित अधिकारी
बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी केएस रावत, जिला शिक्षा अधिकारी हरेन्द्र मिश्रा, खंड शिक्षा अधिकारी, केन्द्र व्यवस्थापक और प्रधानाचार्य उपस्थित थे।



