
किच्छा। राज्य सरकार के “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार को नगर पालिका सभागार में सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता दर्जा मंत्री कैप्टन गंभीर सिंह धामी ने की।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से पिछले पांच वर्षों की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन को दी गई। इसके साथ ही लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान भी किया गया।
योजनाओं की जानकारी और समस्याओं का समाधान शिविर का उद्देश्य: कैप्टन गंभीर सिंह धामी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दर्जा मंत्री कैप्टन गंभीर सिंह धामी ने कहा कि “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” सेवा शिविर राज्य सरकार की उस सोच का सशक्त उदाहरण है, जिसमें जनता तक योजनाओं की सीधी पहुंच, समस्याओं का त्वरित समाधान और सुशासन की भावना केंद्र में है।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विकास एवं जनसेवा का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और प्रत्येक नागरिक को सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि आमजन को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने और पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से स्थानीय स्तर पर सेवा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
दर्जा मंत्री ने जनता से अपील की कि वे इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और सरकार की योजनाओं से जुड़ें।
विभिन्न विभागों ने लगाए स्टॉल, दी योजनाओं की जानकारी
शिविर में ग्राम्य विकास विभाग, पंचायतीराज विभाग, जल निगम, जल संस्थान, विद्युत विभाग, समाज कल्याण विभाग, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग, पशुपालन विभाग, उद्योग विभाग, कृषि विभाग, उद्यान विभाग और मत्स्य विभाग सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए।
इन स्टॉलों के माध्यम से विभागीय अधिकारियों ने जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित किया।
किच्छा के विकास में सरकार ने किए ऐतिहासिक कार्य: राजेश शुक्ला
पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि सेवा शिविर का मुख्य उद्देश्य सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और सेवाओं को सीधे जनता तक पहुंचाना तथा स्थानीय स्तर पर लोगों की समस्याओं का समाधान करना है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने किच्छा क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी है। उन्होंने किच्छा में एम्स, हाईटेक बस स्टेशन, इंडस्ट्रियल कॉरिडोर और मॉडल डिग्री कॉलेज जैसे महत्वपूर्ण विकास कार्यों के लिए प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया।
550 लोगों ने लिया भाग, 9 शिकायतें दर्ज
शिविर में लगभग 550 लोगों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान आमजन से प्राप्त समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से लिया गया। कुल 9 लिखित शिकायतें दर्ज हुईं, जिन्हें त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। वहीं, मौखिक शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया।
बाल विकास विभाग की ओर से 10 गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की गई, 10 मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित किए गए तथा 5 बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। शिक्षा विभाग द्वारा विद्यार्थियों को कॉपियां वितरित की गईं। स्वास्थ्य, आयुष और होम्योपैथिक विभाग द्वारा लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया।
अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष विवेक सक्सेना, विभिन्न जनप्रतिनिधि, पार्षद, ओसी कलेक्ट्रेट हिमांशु कागलिया, तहसीलदार गिरीश त्रिपाठी, अधिशासी अधिकारी दीपक शुक्ला, नोडल अधिकारी एवं पूर्ति अधिकारी विनोद चंद्र तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



