
रुद्रपुर। अंतर्राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण उधम सिंह नगर द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज चुटकी देवरिया में उपभोक्ता जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्राधिकरण के सचिव योगेंद्र कुमार सागर (सिविल जज सीनियर डिवीजन, रुद्रपुर) ने विद्यार्थियों को उनके उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
उपभोक्ता अधिकारों और शिकायत प्रक्रिया की दी गई जानकारी
सेमिनार को संबोधित करते हुए सचिव योगेंद्र कुमार सागर ने बताया कि उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए जिला उपभोक्ता फोरम में शिकायत दर्ज करने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने विद्यार्थियों को उपभोक्ता से जुड़े अधिकारों, उनके संरक्षण और न्याय प्राप्त करने की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी।
हेल्पलाइन और ऑनलाइन शिकायत प्रणाली की जानकारी
उन्होंने बताया कि उपभोक्ता किसी भी समस्या की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1915 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके साथ ही राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन (एनसीएच) पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया भी समझाई गई। सचिव ने अंतर्राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस मनाने के उद्देश्य और इसके महत्व पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में विधिक विशेषज्ञों और शिक्षकों की रही सहभागिता
इस अवसर पर विक्रम सिंह (पैनल अधिवक्ता), लुबीना पारूल (असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल), माया शर्मा (पैनल अधिवक्ता), विद्यालय के प्राध्यापक अमोद सक्सेना, एम.एस. माथुर (प्रवक्ता) सहित रियासत अली, बांके लाल, धर्मेंद्र, मेहनाज़ एवं पीएलवी सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों को जागरूक बनने और अपने अधिकारों को समझने के लिए प्रेरित किया।



