
देहरादून। नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (एनएमआईए) ने अबू धाबी के लिए पहली निर्धारित उड़ान के साथ अपने अंतरराष्ट्रीय परिचालन की औपचारिक शुरुआत कर दी है। एयर इंडिया एक्सप्रेस 15 जुलाई से नवी मुंबई और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की राजधानी अबू धाबी के बीच सप्ताह में तीन दिन सीधी उड़ान सेवा संचालित करेगी।
घरेलू परिचालन के 200 दिन बाद मिली अंतरराष्ट्रीय पहचान
अदानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (एएएचएल) के अनुसार, 25 दिसंबर 2025 को घरेलू उड़ानों का संचालन शुरू होने के महज 200 दिनों के भीतर एयरपोर्ट ने अंतरराष्ट्रीय सेवाओं का विस्तार कर एक नई उपलब्धि हासिल की है। इसके साथ ही एएएचएल के सभी एयरपोर्ट अब अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़ चुके हैं।
सात महीने में 46 शहरों तक पहुंचा नेटवर्क
कंपनी ने बताया कि सात महीने से भी कम समय में एनएमआईए ने देश के 46 शहरों तक अपनी हवाई सेवाओं का विस्तार किया है। इस दौरान एयरपोर्ट 23 लाख से अधिक यात्रियों को सेवाएं प्रदान कर चुका है। वर्तमान में यहां प्रतिदिन लगभग 150 एयर ट्रैफिक मूवमेंट (एटीएम) दर्ज किए जा रहे हैं।
एयरपोर्ट के विकास में मील का पत्थर
एएएचएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अरुण बंसल ने कहा कि पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ान एयरपोर्ट के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि भविष्य में अधिक एयरलाइंस और नए अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों को जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
यात्रियों को मिलेगा बेहतर विकल्प
एयर इंडिया एक्सप्रेस के चेयरमैन निपुण अग्रवाल ने कहा कि नवी मुंबई से अबू धाबी के लिए शुरू की गई सीधी उड़ान मुंबई महानगर क्षेत्र के यात्रियों को यूएई यात्रा का एक नया और सुविधाजनक विकल्प प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि यह सेवा एयरलाइन की दो-एयरपोर्ट रणनीति का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है।
पहला अंतरराष्ट्रीय कार्गो शिपमेंट भी रवाना
पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ान के साथ ही एनएमआईए से पहला वैश्विक पैरिशेबल (नाशवान) निर्यात कार्गो शिपमेंट भी भेजा गया। इससे एयरपोर्ट उच्च-मूल्य और समय-संवेदनशील निर्यात के नए केंद्र के रूप में भी उभर रहा है। कंपनी का कहना है कि आने वाले समय में और अधिक अंतरराष्ट्रीय उड़ानें तथा नए वैश्विक मार्ग शुरू किए जाएंगे, जिससे व्यापार, पर्यटन और अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी को और मजबूती मिलेगी।



