उत्तराखंडराज्य

देहरादून में उत्तर रेलवे की प्रमुख परियोजनाओं को लेकर उच्चस्तरीय बैठक आयोजित

देहरादून। प्रदेश के मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में शुक्रवार को मुख्य सचिव कार्यालय में उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल की मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती विनीता श्रीवास्तव के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्तर रेलवे से संबंधित विभिन्न प्रकरणों के साथ-साथ राज्य में संचालित एवं प्रस्तावित रेल परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

ऋषिकेश–डोईवाला बाईपास रेल परियोजना पर संयुक्त सर्वे के निर्देश

मुख्य सचिव ने ऋषिकेश–डोईवाला बाईपास रेलवे लाइन परियोजना के अंतर्गत राजाजी नेशनल पार्क एवं वन विभाग की 3.62 हेक्टेयर वन भूमि से जुड़े मामले पर जिलाधिकारी देहरादून को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने रेलवे विभाग, मुख्य वन्यजीव वार्डन तथा राजाजी नेशनल पार्क के अधिकारियों के साथ संयुक्त सर्वेक्षण कर निरीक्षण आख्या शीघ्र शासन को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

देहरादून–मोहण्ड–सहारनपुर टनल आधारित रेल लाइन की अद्यतन रिपोर्ट मांगी

देहरादून–मोहण्ड–सहारनपुर टनल आधारित रेलवे लाइन परियोजना को लेकर मुख्य सचिव ने फाइनल लोकेशन सर्वे कराए जाने के निर्देश दिए। साथ ही परियोजना की वर्तमान स्थिति से शासन को समय पर अवगत कराने को कहा गया, ताकि आगे की कार्यवाही में तेजी लाई जा सके।

हर्रावाला रेलवे स्टेशन के विस्तारीकरण पर जोर

मुख्य सचिव ने हर्रावाला रेलवे स्टेशन के विस्तारीकरण के लिए तैयार मास्टर प्लान को शासन के साथ साझा करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही रेलवे एवं जिला प्रशासन द्वारा संयुक्त सर्वे कर शीघ्र निरीक्षण आख्या प्रस्तुत करने पर भी बल दिया गया।

कुंभ मेला 2027 हेतु संयुक्त ट्रैफिक प्लान बनाने के निर्देश

कुंभ मेला 2027 के दौरान श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्य सचिव ने रेलवे अधिकारियों को जिलाधिकारी हरिद्वार, एसएसपी हरिद्वार, मेलाधिकारी एवं राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के साथ समन्वय कर संयुक्त ट्रैफिक प्लान तैयार करने के निर्देश दिए।

हरिद्वार के पास रेलवे सुरंग क्षेत्र में ढलान स्थिरीकरण कार्य

इसके अतिरिक्त हरिद्वार के समीप रेलवे सुरंग क्षेत्र में चल रहे ढलान स्थिरीकरण कार्य को शीघ्र पूर्ण कर उसकी विस्तृत आख्या शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

इस बैठक में सचिव परिवहन बृजेश कुमार संत, अपर सचिव रीना जोशी सहित उत्तर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे और विभिन्न विषयों पर आवश्यक सुझाव प्रस्तुत किए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button