
देहरादून में मुख्य सचिव आनंद बर्धन की अध्यक्षता में सचिवालय में व्यय-वित्त समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में राज्य के विभिन्न जिलों से जुड़ी कई प्रमुख विकास परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई और आवश्यक प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की गई। इन योजनाओं के लागू होने से राज्य के कई क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे और सार्वजनिक सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जाएंगे।
अमृत 2.0 के तहत सहस्त्रधारा पेयजल योजना को मंजूरी
बैठक में अमृत 2.0 के ट्रांच-2 के अंतर्गत सहस्त्रधारा पेयजल योजना को स्वीकृति दी गई। इस योजना के माध्यम से क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाएगा। योजना के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी उत्तराखंड जल संस्थान को सौंपी गई है, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर जल आपूर्ति सुविधा मिल सकेगी।
सतपुली बैराज निर्माण प्रस्ताव को स्वीकृति
जनपद पौड़ी गढ़वाल के द्वारीखाल और एकेश्वर विकास खंड के अंतर्गत सतपुली बैराज के निर्माण के पुनरीक्षित प्रस्ताव को भी समिति ने मंजूरी दे दी है। इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में जल प्रबंधन और सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
हल्द्वानी फायर स्टेशन में आवास निर्माण को हरी झंडी
जनपद नैनीताल के हल्द्वानी स्थित फायर स्टेशन में टाइप-द्वितीय, टाइप-तृतीय और टाइप-चतुर्थ श्रेणी के आवासों के निर्माण को भी स्वीकृति प्रदान की गई। इन आवासों के निर्माण से फायर स्टेशन में कार्यरत कर्मचारियों को बेहतर आवासीय सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
सहस्त्रधारा रोड पर कार्यालय भवन निर्माण को मंजूरी
देहरादून के डांडा लखौंड क्षेत्र में सहस्त्रधारा रोड पर शहरी विकास निदेशालय के नए कार्यालय भवन के निर्माण के प्रस्ताव को भी समिति ने मंजूरी दी है। इससे विभागीय कार्यों को व्यवस्थित और सुचारू रूप से संचालित करने में मदद मिलेगी।
रुद्रपुर नगर निगम भवन के पुनर्निर्माण को स्वीकृति
बैठक में नगर निगम रुद्रपुर के मुख्य कार्यालय भवन के पुनर्निर्माण के कार्य को भी हरी झंडी दी गई। इस निर्णय से नगर निगम की प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने और नागरिक सेवाओं को अधिक प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।



