
खटीमा के गांधी फुटबॉल मैदान लोहियाहेड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के सौजन्य से निर्मित अत्याधुनिक ओपन जिम का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, खिलाड़ी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। ओपन जिम की स्थापना से क्षेत्र के युवाओं और आमजन को स्वास्थ्य लाभ मिलेगा तथा फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।
स्वास्तिक नर्सिंग कॉलेज की वार्षिक खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ
ओपन जिम के लोकार्पण के उपरांत मुख्यमंत्री ने गांधी फुटबॉल मैदान में स्वास्तिक नर्सिंग कॉलेज की वार्षिक खेल प्रतियोगिता का फीता काटकर शुभारंभ किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और खेल मैदान में ऊर्जा व जोश का प्रदर्शन किया।
पढ़ाई के साथ खेल भी आवश्यक: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेल भी जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। खेलों से मन, मस्तिष्क और शरीर स्वस्थ रहते हैं तथा अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों को लक्ष्य निर्धारित कर संकल्प के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी और कहा कि निरंतर प्रयास से सफलता अवश्य प्राप्त होती है।
खेलों में करियर की अपार संभावनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के दौर में खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं रहे, बल्कि इसमें उज्ज्वल करियर की असीम संभावनाएं हैं। उन्होंने युवाओं से अनुशासन और समर्पण के साथ खेलों में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसी योजनाओं के माध्यम से देश में खेलों का बुनियादी ढांचा सुदृढ़ हुआ है, जिसके परिणामस्वरूप भारतीय खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड अब खेल भूमि के रूप में भी पहचान बना रही है।
युवाओं के लिए रोजगार और स्वास्थ्य पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। अब तक 28 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियों में नियुक्ति दी जा चुकी है तथा इस वर्ष 10 हजार और युवाओं को सरकारी सेवा में अवसर प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने सभी विद्यार्थियों और खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति
इस अवसर पर नगर पालिका खटीमा के अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जा मंत्री फरजाना बेगम, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, महामंत्री रमेश चंद्र जोशी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा, उप जिलाधिकारी तुषार सैनी सहित स्वास्तिक नर्सिंग कॉलेज की प्रिंसिपल रुचि अग्रवाल, डॉ. विवेक अग्रवाल, वरुण अग्रवाल, शिप्रा अग्रवाल, कॉलेज के विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान ओपन जिम उपकरणों का उपयोग कर तथा क्रिकेट में हाथ आजमाकर युवाओं का उत्साहवर्धन किया।



